श्रीलंका दौरे के साथ टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार हैं शाहीन अफरीदी; 2 अनकैप्ड प्लेयर्स को किया गया टीम में शामिल
शाहीन अफरीदी एक साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी को लेकर बहुत उत्साहित है।
अद्यतन - जून 17, 2023 12:52 अपराह्न

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने 17 जून को श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए 16-सदस्यीय टीम की घोषणा की है। आपको बता दें, पाकिस्तान क्रिकेट टीम अगले महीने दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका का दौरा करेगी।
यह नए आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप चक्र 2023-25 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की पहली टेस्ट सीरीज है, जिसके लिए स्टार तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने टेस्ट स्क्वॉड में वापसी की है। पाकिस्तान की राष्ट्रीय चयन समिति ने श्रीलंका दौरे के लिए टेस्ट स्क्वॉड में चार स्पिनर, चार तेज गेंदबाज, छह स्पेशलिस्ट बल्लेबाज और दो कीपर-बल्लेबाज शामिल किए हैं।
इस बीच, पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए 16-सदस्यीय टीम में अनकैप्ड बल्लेबाज मोहम्मद हुरैरा और ऑलराउंडर आमिर जमाल को भी शामिल किया। आपको बता दें, हुरैरा ने 24 फर्स्ट-क्लास, 10 लिस्ट ए और छह टी-20 मैच खेले हैं, जबकि आमिर के पास दो T20I, 23 फर्स्ट-क्लास, 23 लिस्ट ए और 20 टी-20 मैचों का अनुभव है।
मैं आगे की चुनौतियों के लिए तैयार हूं: अफरीदी
वहीं दूसरी ओर, एक साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी को लेकर शाहीन अफरीदी बहुत उत्साहित है, क्योंकि वह घुटने की चोट के कारण पूरे घरेलू सीजन से चूक गए थे। शाहीन ने टेस्ट टीम में वापसी पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए PCB की प्रेस रिलीज में कहा: “मैं एक साल बाद पाकिस्तान टेस्ट टीम में वापसी करने के लिए बहुत उत्साहित हूं। मैंने टेस्ट क्रिकेट को बहुत मिस किया। मेरे लिए इस फॉर्मेट से दूर रहना मुश्किल था।
मुझे श्रीलंका दौरे पर ही चोट लगी थी, जिसके कारण मैंने बहुत क्रिकेट मिस कर दिया और अब मैं उसी देश में वापसी करने और टेस्ट क्रिकेट में विकेटों का शतक पूरा करने के लिए उत्सुक हूं, जिसके लिए मुझे केवल एक विकेट की जरुरत है। मैं अपने प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने कठिन समय में मेरा साथ दिया। मैं आगे की चुनौतियों के लिए तैयार हूं।”
यहां देखिए पाकिस्तान का टेस्ट स्क्वॉड:
बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (उप-कप्तान और विकेटकीपर), आमिर जमाल, अब्दुल्ला शफीक, अबरार अहमद, हसन अली, इमाम-उल-हक, मोहम्मद हुरैरा, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, नोमान अली, सलमान अली आगा, सरफराज अहमद (विकेटकीपर), सऊद शकील, शाहीन अफरीदी और शान मसूद।
🚨 16-strong squad for our first assignment of the 2023-25 ICC World Test Championship 💪
Read more ➡️ https://t.co/IwunZOcj6i#SLvPAK pic.twitter.com/Pj1YWUmWxg
— Pakistan Cricket (@TheRealPCB) June 17, 2023