शाहीन अफरीदी ने विराट कोहली और बाबर आजम में से एक को चुनने पर दिया मजेदार जवाब
जब उनसे सवाल पूछा गया कि आप विराट कोहली और बाबर आजम में किस बल्लेबाज को चुनना पसंद करेंगे तो उन्होंने कहा, 'मुझे दोनों ही पसंद है'।
अद्यतन - Jun 12, 2022 3:28 pm

जब से शाहीन अफरीदी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान की ओर से डेब्यू किया है, तब से वो टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से टीम को कई मुकाबले जिताए हैं। शायद यही वजह है कि वो पाकिस्तान टीम के तीनों ही फॉर्मेट के प्रमुख गेंदबाजों में से एक हैं।
सिर्फ पाकिस्तान ही नहीं बल्कि घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी अफरीदी का प्रदर्शन काफी सराहनीय रहा है। हाल ही में इस तेज गेंदबाज से जब पूछा गया कि विराट कोहली और बाबर आजम के बीच में वो किसको चुनना पसंद करेंगे तो उन्होंने बड़ी ही सफाई से अपना जवाब दिया। बता दें, शाहीन पिछले कुछ महीनों से 2022 काउंटी चैंपियनशिप में खेल ले रहे हैं। इस टूर्नामेंट में वो मिडिलसेक्स की ओर से खेल रहे हैं। इसी बीच उन्होंने कुछ समय निकालकर कुछ सवालों के जवाब दिए जो ईएसपीएनक्रिकइंफो ने उनसे पूछे थे।
विराट कोहली या बाबर आजम?
ईएसपीएनक्रिकइंफो के सवाल-जवाब सेशन के दौरान शाहीन ने कई सवालों के जवाब बड़े ही बेहतरीन ढंग से दिए। उनसे आखिरी सवाल पूछा गया कि आप विराट कोहली और बाबर आजम में किस बल्लेबाज को चुनना पसंद करेंगे तो उन्होंने कहा, “मुझे दोनों ही पसंद है।”
इसी सवाल-जवाब के सेशन के दौरान शाहीन ने अपने पाकिस्तान साथी मोहम्मद रिजवान को जोस बटलर से बेहतर कहा और PSL को IPL से बेहतर लीग कहा। बता दें कि, शाहीन अफरीदी ने अभी तक IPL में एक भी मुकाबला नहीं खेला है जबकि उन्होंने PSL में लाहौर कलंदर्स का नेतृत्व किया था और उन्हें उनकी पहली PSL ट्रॉफी इसी साल जिताई थी।
अगर मैदान में शाहीन और विराट कोहली के बीच प्रतियोगिता की बात की जाए तो शाहीन ने टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में उस मुकाबले में रोहित शर्मा और केएल राहुल को जल्दी आउट कर दिया था, जिसके बाद कोहली ने शाहीन के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन दिखाया था। यही नहीं, कोहली ने शाहीन की एक गेंद पर कड़ा प्रहार किया था और सीधा छक्का जड़ा था जो वाकई लाजवाब था। हालांकि, अंत में शाहीन ने विराट कोहली का विकेट अपने नाम किया था।