वर्ल्ड कप 2023 में भारत-पाक मुकाबले को लेकर शाहीन अफरीदी का आया चौंकाने वाला बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

वर्ल्ड कप 2023 में भारत-पाक मुकाबले को लेकर शाहीन अफरीदी का आया चौंकाने वाला बयान

वर्ल्ड कप 2023 में भारत और पाकिस्तान का आमना-सामना 15 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा

Shaheen Afridi. (Photo by Michael Steele-ICC/ICC via Getty Images)
Shaheen Afridi. (Photo by Michael Steele-ICC/ICC via Getty Images)

इस साल के आखिरी में भारत में वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन होना है। वहीं इससे पहले एशिया कप भी खेला जाना है। एशिया कप के आयोजन स्थल को लेकर स्थिति साफ हो गई है। 4 मुकाबले पाकिस्तान में, बाकी श्रीलंका में खेले जाएंगे। इस तरह 2023 में दो बड़े टूर्नामेंटों में भारत और पाकिस्तान के बीच कई मुकाबले देखने को मिल सकते हैं। फैन्स भी इन मैचों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

हाल ही में वनडे वर्ल्ड कप 2023 की घोषणा हुई, जिसके मुताबिक टूर्नामेंट का आगाज 5 अक्टूबर से होगा। वहीं भारत और पाकिस्तान का आमना-सामना 15 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। इस बीच पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने भारत-पाक मुकाबले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

हमारा लक्ष्य वर्ल्ड कप जीतना- शाहीन अफरीदी

पाकिस्तान के एक स्थानीय चैनल को दिए इंटरव्यू में अफरीदी ने कहा, हमें सिर्फ भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले के बारे में सोचना बंद कर देना चाहिए। हमें विश्व कप कैसे जीतना है इस पर फोकस करने की जरूरत है और एक टीम के रूप में यही हमारा लक्ष्य होगा।

वहीं उन्होंने अपनी फिटनेस के बारे में बोलते हुए कहा, मैं पूरी तरह फिट हूं और इसलिए टेस्ट टीम में वापसी कर पाया हूं। अगर मैं पूरी तरह फिट नहीं होता तो मेरा नाम स्क्वॉड में नहीं होता। पाकिस्तान के लिए खेलूंगा, किसी क्लब स्तर की टीम के लिए नहीं।

आपको बता दें कि शाहीन अफरीदी लंबे समय से घुटने की चोट से जूझ रहे थे, जिसके कारण वह काफी समय से मैदान से बाहर थे। हालांकि, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने कहा कि वह पूरी तरह से फिट हैं और श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में खेलने के लिए तैयार हैं।

बता दें कि पाकिस्तान ने आखिरी बार 50 ओवर फार्मेट में वर्ल्ड कप 1992 में इमरान खान की कप्तानी में जीता था। इस बार टीम भारतीय सरजमीं पर अपने ट्रॉफी के सूखे को खत्म करना चाहेगी।

ये भी पढ़ें- यह एक शानदार सफर रहा है, करियर का 100वां टेस्ट खेलने जा रहे स्टीव स्मिथ ने दी बड़ी प्रतिक्रिया

close whatsapp