क्रिकेट अब एक बिजनेस बन चुका है: शाहिद अफरीदी
भारत की बात की जाए तो इंडियन प्रीमियर लीग दुनिया की सबसे सफल फ्रेंचाइजी लीग क्रिकेट में से एक है।
अद्यतन - Jun 12, 2024 8:06 pm

क्रिकेट खेल की फैन फॉलोइंग पूरी दुनिया में काफी ज्यादा है। ऐसे कई क्रिकेटर्स हैं जिनकी फैन फॉलोइंग काफी है और साथ ही कई लोग इन खिलाड़ियों को अपना आदर्श मानते हैं। भारत की बात की जाए तो इंडियन प्रीमियर लीग दुनिया की सबसे सफल फ्रेंचाइजी लीग क्रिकेट में से एक है।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने क्रिकेट को लेकर हैरान कर देने वाला बयान दिया है। शाहिद अफरीदी के मुताबिक क्रिकेट को एक खेल के रूप में बिजनेस बना लिया गया है। इस समय आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप भी खेला जा रहा है। बता दें, यह टूर्नामेंट वेस्टइंडीज और USA होस्ट किया जा रहा है।
शाहिद अफरीदी ने 180 नॉटआउट पॉडकास्ट पर बताया कि, ‘देखिए, पैसे आ गए हैं और चीज़ें बदल गई है। क्रिकेट अब एक बिजनेस बन गया है। पहले यह सिर्फ एक खेल था लेकिन अब इसे पूरी तरह से बिजनेस के रूप में देखा जा रहा है। पूरी दुनिया में लीग हो रही है। सच्चाई यही है कि इंडियन प्रीमियर लीग ने सभी लीग की आंखें खोल दी है और लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में भी अब पैसा बहुत हो गया है।’
पैसा आ रहा है और खिलाड़ियों को दिया जा रहा है: शाहिद अफरीदी
शाहिद अफरीदी ने आगे कहा कि, ‘पहले काउंटी क्रिकेट में भी काफी पैसा था लेकिन यह 6 महीनों का लंबा सीजन था और लाल गेंद भी इसमें शामिल थी। मुझे लगता है कि पैसा हर लीग में रहता है लेकिन अब यह पूरी तरह से बिजनेस बन चुका है। पैसा आ रहा है और खिलाड़ियों को दिया जा रहा है। इसकी वजह से खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है भले ही वो अपने देश की ओर से नहीं खेल रहे हैं। अच्छी बात यह है कि उन्हें अलग-अलग लीग में मौका मिल रहा है।’
इंडियन प्रीमियर लीग की वजह से ही दुनियाभर में कई फ्रेंचाइजी लीग क्रिकेट की शुरुआत हुई है। इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मिचेल स्टार्क को 24.75 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था। स्टार्क इस टूर्नामेंट के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। यही नहीं सनराइजर्स हैदराबाद में ऑस्ट्रेलिया टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज पैट कमिंस को 20.5 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था।