हमने बैंगलोर में टेस्ट मुकाबला जीता और उसके बाद भारत में हमारी बस पर पत्थर फेंके गए: शाहिद अफरीदी
शाहिद अफरीदी के मुताबिक जब एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में उन्होंने मुकाबला जीता तो उसके बाद भारतीय दर्शकों ने उनकी बस पर पत्थर फेंके।
अद्यतन - जुलाई 15, 2023 5:37 अपराह्न

पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने इस बात का खुलासा किया कि जब वो भारत में टेस्ट मुकाबला खेलने आए थे तब उनकी टीम बस पर पत्थर फेंके गए थे। पूर्व कप्तान के मुताबिक यह घटना तब हुई जब 3 मुकाबलों की टेस्ट सीरीज के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 2005 में बैंगलोर के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में करारी शिकस्त दी।
बता दें, पहला टेस्ट मुकाबला ड्रॉ में समाप्त हुआ था जबकि दूसरे टेस्ट को मेजबान भारत ने अपने नाम किया था। शाहिद अफरीदी के मुताबिक जब एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में उन्होंने मुकाबला जीता तो उसके बाद भारतीय दर्शकों ने उनकी बस पर पत्थर फेंके। शाहिद अफरीदी के इस बयान के बाद उनकी जमकर आलोचना हो रही है।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो जमकर वायरल हो रही है जिसमें शाहिद अफरीदी को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, ‘वो हमारे लिए दबाव भरा समय था। हम लोग चौके और छक्के जड़ते थे और कोई भी हमारे लिए ताली नहीं बजाता था। अगर अब्दुल रज्जाक को याद होगा हमने बैंगलोर में टेस्ट मुकाबला जीता था और हमारी टीम की बस पर लोगों ने पत्थर फेंके थे। दबाव वहां हमेशा होता है लेकिन हमें उसका लुफ्त उठाना चाहिए।
खिलाड़ी कह रहे हैं कि पाकिस्तान को भारत नहीं जाना चाहिए लेकिन मैं इसके खिलाफ हूं। हमें वहां जरूर जाना चाहिए और मुकाबला जीतना चाहिए।’
यह रही वीडियो:
Former Pakistan captain Shahid Afridi reveals stones were thrown on their bus in Bangalore when they won the Test match there.
He still believes Pakistan should travel to India and win the World Cup there. pic.twitter.com/QABZ6tQCLk
— Farid Khan (@_FaridKhan) July 14, 2023
इस साल पाकिस्तान और श्रीलंका में एशिया कप टूर्नामेंट खेला जाना है। हालांकि भारत एक भी मुकाबला अपना पाकिस्तान में नहीं खेलेगा। ऐसी खबरें भी सामने आ रही है कि पाकिस्तान 2023 क्रिकेट वर्ल्ड कप को खेलने भारत नहीं आएगा। हालांकि अफरीदी की मानें तो पाकिस्तान को भारत जरूर जाना चाहिए भले ही पहले कुछ भी हुआ हो और वहां जाकर मुकाबले जीतने चाहिए।
तमाम लोग भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले का बेसब्री से इंतजार करते हैं और अब देखना यह होगा कि क्या पाकिस्तान वनडे वर्ल्ड कप 2023 को खेलने भारत आता है या नहीं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की ओर से वनडे वर्ल्ड कप 2023 के शेड्यूल की घोषणा भी हो चुकी है।