IPL 2025 Auction: "वो बड़ी रकम में नहीं बिकेंगे...", मोहम्मद शमी को लेकर पूर्व क्रिकेटर ने क्यों कहा ऐसा? - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2025 Auction: “वो बड़ी रकम में नहीं बिकेंगे…”, मोहम्मद शमी को लेकर पूर्व क्रिकेटर ने क्यों कहा ऐसा?

मोहम्मद शमी ने हाल ही में रणजी ट्रॉफी में मध्य प्रदेश के खिलाफ मैच से प्रोफेशनल क्रिकेट में वापसी की।

Mohammed Shami And Sanjay Manjrekar (Photo Source: X)
Mohammed Shami And Sanjay Manjrekar (Photo Source: X)

मोहम्मद शमी ने हाल ही में रणजी ट्रॉफी में मध्य प्रदेश के खिलाफ मैच से प्रोफेशनल क्रिकेट में वापसी की। उन्होंने बंगाल के लिए 7 विकेट चटकाए और टीम ने 11 रन से शानदार जीत हासिल की। शमी को वनडे वर्ल्ड कप 2023 के दौरान टखने में चोट लगी थी, इसी साल फरवरी में उनकी सर्जरी हुई। इंजरी के चलते शमी आईपीएल 2024 और टी20 वर्ल्ड कप 2024 का हिस्सा नहीं बन पाए।

इस बीच, हाल ही में संजय मांजरेकर ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में शमी बड़ी रकम में नहीं बिकेंगे, पूर्व क्रिकेटर ने आखिर क्यों ऐसा बयान दिया? आइए आपको बताते हैं-

इस कारण आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में बड़ी रकम में नहीं बिकेंगे शमी

संजय मांजरेकर ने स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा,

टीमों की दिलचस्पी निश्चित रूप से होगी, लेकिन शमी के चोट को देखते हुए – और इस हालिया चोट को ठीक होने में काफी समय लगा – सीजन के दौरान संभावित ब्रेकडाउन के बारे में हमेशा चिंता बनी रहती है। अगर कोई फ्रेंचाइजी भारी निवेश करती है और फिर उसे बीच सीजन में खो देती है, तो उनके विकल्प सीमित हो जाते हैं। इस चिंता के कारण वह बड़ी रकम में नहीं बिकेंगे।

BGT का हिस्सा बन सकते हैं मोहम्मद शमी

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तहत पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 22 नवंबर से शुरू हो रही है। दोनों टीमों के बीच पहला मैच पर्थ में खेला जाना है। इस बीच, खबरें सामने आ रही हैं कि बीसीसीआई मोहम्मद शमी को भारतीय टीम में शामिल करने पर विचार कर रहा है।

सूत्रों के मुताबिक बोर्ड कुछ कॉम्पिटिटिव मैच खेलाकर शमी की फिटनेस देखना चाहती है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनके प्रदर्शन के आधार पर ही उन्हें टीम में शामिल किया जा सकता है। शमी को सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के लिए बंगाल की टीम में जगह मिली है, टीम का पहला मैच पंजाब से होगा।

close whatsapp