अपने निधन से कुछ देर पहले तक बिल्कुल ठीक थे शेन वॉर्न, फिर अचानक कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा
शेन वॉर्न का निधन चार मार्च को थाईलैंड के एक विला में हुआ था।
अद्यतन - Mar 10, 2022 6:30 pm

ऑस्ट्रेलियाई महान शेन वॉर्न का आकस्मिक निधन क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है और लगातार बना हुआ है। क्रिकेट के खेल को नई उचाईयों तक ले जाने वाले सबसे महान लेग स्पिनर वॉर्न ने 4 मार्च को अपने थाईलैंड विला में अंतिम सांस ली। 52 साल की उम्र में वॉर्न का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया, जिससे पूरा क्रिकेट जगत सदमे में है।
थाईलैंड में मौजूद उनके दोस्तों को भी इस घटना पर विश्वास नहीं हो रहा था। रिपोर्टों के अनुसार, दिल का दौरा अचानक पड़ा क्योंकि महान लेग स्पिनर अपने निधन से कुछ घंटे पहले ठीक दिख रहे थे। सीसीटीवी कैमरे में कैद उनकी तस्वीरें भी यही संकेत दे रही हैं। दुखद घटना से पहले वॉर्न की अंतिम तस्वीरों से यही पता चलता है कि वो बिल्कुल ठीक थे और उन्हें किसी प्रकार की कोई तकलीफ नहीं थी।
शेन वॉर्न के निधन से कुछ समय पहले की तस्वीरें आई सामने
जिस समय वॉन का निधन हुआ उससे थोड़ी देर पहले वो लॉबी में टहलते हुए नजर आए थे। उस दौरान वॉर्न एक कैजुअल लुक में नजर आए, उन्होंने उस वक्त एक सफेद टी-शर्ट, काली शॉर्ट्स और एक टोपी पहनी हुई थी। फॉक्स स्पोर्ट्स के अनुसार,वॉर्न ने लगभग एक घंटा ब्रियोनी टेलर में बिताया, जहां वो अपना नए सूट बनवाने गया था।
घंटों बाद, वॉर्न को दिल का दौरा पड़ने के बाद अपने बिस्तर पर बेहोशी के हालत में पाया गया। इस बीच, वॉर्न के परिवार ने खुलासा किया है कि पूर्व क्रिकेटर दिल की समस्याओं से पीड़ित थे। स्थानीय पुलिस ने पुष्टि की कि वॉर्न के पार्थिव देह को ऑस्ट्रेलिया ले जाया जाएगा जहां उनका अंतिम संस्कार 30 मार्च को होगा।
वॉर्न क्रिकेट जगत के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में से एक थे, उन्हें दुनिया के विभिन्न कोनों से श्रद्धांजलि दी गई। वहीं पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग वॉर्न के बारे में बोलते हुए लाइव टीवी पर फूट-फूट कर रोने लगे थे, भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने श्रीलंका के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुए पहले टेस्ट में शतक बनाने के बाद उन्हें याद किया।