वनडे में जिसका औसत 76 हो उसको आपने टीम से बाहर क्यों कर रखा है? संजू सैमसन की भारतीय टीम में जगह को लेकर शशि थरूर ने दिया बड़ा बयान
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 के शुरुआती दो मुकाबलों में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को जबरदस्त मात दी और इस शानदार टेस्ट सीरीज में 2-0 की अजय बढ़त बनाई।
अद्यतन - Feb 23, 2023 3:48 pm

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 के शुरुआती दो मुकाबलों में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को जबरदस्त मात दी और इस शानदार टेस्ट सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाई। भले ही टीम ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया हो लेकिन सलामी बल्लेबाज केएल राहुल का खराब फॉर्म इस समय सभी लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। तमाम लोगों का यही कहना है कि राहुल को भारतीय टीम से बाहर कर देना चाहिए।
बता दें, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा चुके दो टेस्ट मैचों में केएल राहुल बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं और इसी वजह से पूर्व क्रिकेटर्स और विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दो टेस्ट मुकाबलों में उन्हें टीम से बाहर कर दिया जाना चाहिए।
अब इसी को लेकर भारतीय नेता शशि थरूर ने अपना पक्ष रखा है। शशि थरूर ने कहा कि अगर ऐसी ही बात है तो संजू सैमसन का क्या? उनका वनडे में 76 का औसत है लेकिन इसके बावजूद उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे टीम में शामिल नहीं किया गया है।
शशि थरूर ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट में ट्वीट किया कि, ‘और संजू सैमसन का क्या? उनका वनडे में 76 औसत है लेकिन इसके बावजूद उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे टीम में शामिल नहीं किया गया है। यह अच्छी बात है कि जो इस समय अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहा है उसे आप लगातार मौके दे रहे हैं लेकिन उन खिलाड़ियों का क्या जो काफी टैलेंटेड है और उन्होंने काफी अच्छी बल्लेबाजी और गेंदबाजी की है।’
And what about @IamSanjuSamson ? Averaging 76 in ODIs and yet again omitted from the ODI squad against Australia. It’s all very well to give non-performers a long rope but surely not at the expense of talented performers? https://t.co/tg56JJMTue
— Shashi Tharoor (@ShashiTharoor) February 21, 2023
इंदौर टेस्ट में केएल राहुल की जगह गिल को मिल सकता है मौका
बता दें, ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब शशि थरूर ने संजू सैमसन का साथ दिया हो। बेहतरीन विकेटकीपर बल्लेबाज ने लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में हमेशा काफी अच्छी बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग की है लेकिन इसके बावजूद उन्हें लगातार भारतीय टीम से मौका नहीं मिला।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट 1 मार्च से इंदौर में खेला जाना है। रिपोर्ट के मुताबिक केएल राहुल की जगह शुभमन गिल को तीसरे टेस्ट की प्लेइंग XI में मौका मिल सकता है। हालांकि अभी तक इसको लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। गिल का हालिया प्रदर्शन तीनों ही प्रारूपों में काफी अच्छा रहा है और तमाम लोग इस युवा बल्लेबाज को भारतीय टीम की ओर से लगातार खेलते हुए देखना चाहते हैं।