क्या हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव के फिट हो जाने के बाद शिवम दुबे का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटिंग करियर हो जाएगा खत्म?
तमाम लोग शिवम दुबे की बल्लेबाजी की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं।
अद्यतन - जनवरी 15, 2024 5:45 अपराह्न

भारतीय टीम के युवा ऑलराउंडर शिवम दुबे का प्रदर्शन अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में काफी अच्छा रहा है। उन्होंने भारतीय टीम की ओर से टी20 क्रिकेट में काफी अच्छी बल्लेबाजी की है और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई है।
इस समय भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैच की टी20 सीरीज खेली जा रही है। अभी तक दोनों टीमों के बीच दो मैच खेले जा चुके हैं और दोनों को मेजबान भारत ने अपने नाम किया है। बता दें, इन दोनों ही महत्वपूर्ण मुकाबलों में भारतीय टीम की ओर से शिवम दुबे ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और दोनों ही मैच में अर्धशतक जड़े। तमाम लोग शिवम दुबे की बल्लेबाजी की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं।
साल 2020 में भारत ने न्यूजीलैंड का टी20 क्रिकेट के लिए दौरा किया था तब शिवम दुबे ने एक मैच में Tim Southee के खिलाफ बेहतरीन छक्का जड़ा था जिसको देख रवि शास्त्री ने कहा था कि ‘यह मुझे युवराज सिंह की याद दिलाते हैं। वो भी ऐसे ही बेहतरीन तरीके से बल्लेबाजी करते थे।’
हालांकि उसके बाद शिवम दुबे का प्रदर्शन इस सीरीज में 3 रन, 12 रन और 5 रन रहा था। इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए शिवम दुबे ने जबर्दस्त बल्लेबाजी की थी और कई लोगों का दिल जीता था। उसके बाद से शिवम दुबे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।
कहीं खो ना जाए शिवम दुबे…
अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जा रही सीरीज में शिवम दुबे ने नंबर चार पर काफी अच्छी बल्लेबाजी की है। लेकिन सवाल उठता है कि जब हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव भारतीय टीम में वापसी कर लेंगे तब शिवम दुबे को मौका मिलेगा या नहीं? अभी यह दोनों ही खिलाड़ी अपनी चोट से ठीक हो रहे है लेकिन सवाल यह है कि जब यह दोनों ही खिलाड़ी पूरी तरह से फिट हो जाएंगे तब शिवम दुबे को भारतीय प्लेइंग XI में शामिल किया जाएगा या नहीं?
फिलहाल तमाम लोगों का मानना है कि शिवम दुबे को भारतीय टीम में ज्यादा से ज्यादा मौके मिलने चाहिए और इसके लिए राहुल द्रविड़ और रोहित शर्मा को कुछ महत्वपूर्ण कदम उठाने होंगे। उन्हें भी शिवम दुबे को ज्यादा से ज्यादा मौका देना होगा।