माही भाई के शब्दों ने मुझे काफी प्रोत्साहित किया था: शिवम दुबे
इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के मेगा ऑक्शन में शिवम दुबे को चेन्नई सुपर किंग्स ने 4 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था।
अद्यतन - Apr 21, 2023 6:10 pm

चेन्नई सुपर किंग्स के बेहतरीन ऑलराउंडर शिवम दुबे ने इस बात का खुलासा किया कि टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने उन्हें एक खिलाड़ी के रूप में हमेशा ही काफी प्रोत्साहित किया है। बता दें, इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के मेगा ऑक्शन में शिवम दुबे को चेन्नई सुपर किंग्स ने 4 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था।
शिवम दुबे ने भी टीम के लिए कई बार टॉप ऑर्डर में और मिडिल ऑर्डर में भी खेला हुआ है। शिवम दुबे ने इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से पांच पारियों में 134 रन बनाए हैं। टीम मैनेजमेंट ने अभी तक उनको इस सीजन में गेंदबाजी करने को नहीं दी है।
CSK TV से बात करते हुए शिवम दुबे ने कहा कि, ‘महेंद्र सिंह धोनी भाई ने मुझसे एक बार बातचीत की थी जो मेरे लिए काफी प्रोत्साहित शब्द थे। उन्होंने कहा था कि आप बहुत अच्छे हैं बस बिना डरे अपने क्रिकेट को खेलें।’
पिछला IPL सत्र मेरे लिए सबसे अच्छा सीजन रहा: शिवम दुबे
शिवम दुबे ने इंडियन प्रीमियर लीग 2022 सीजन में कुल 11 पारियों में 156.21 के स्ट्राइक रेट से 289 रन बनाए। उन्होंने आगे कहा कि, ‘पिछला IPL सीजन मेरे करियर का सबसे अच्छा IPL सीजन था। मुझे अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला। LSG के खिलाफ मुझे वो मौका मिला। उस पारी के बाद मुझे ऐसा लगा कि मैं जिस तरीके का क्रिकेटर बनने का सोचता हूं वैसा मैं जरूर बनूंगा।’
शिवम दुबे ने कहा कि, ‘मुझे ऐसा लगने लगा है कि मैं इस स्टेज में रन बना सकता हूं। जिस क्रम में बल्लेबाजी करता हूं उसमें मुझे काफी समय मिलता है। RCB के खिलाफ जो मैने 95 रनों की पारी खेली थी उससे मुझे काफी प्रोत्साहन मिला था।’
चेन्नई सुपर किंग्स को अपना अगला मुकाबला आज यानी 21 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलना है। यह मैच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में होगा।