मुझे काफी खुशी हो रही है कि हमारे पठान भाइयों ने यह सीरीज जीती: पाकिस्तान के खिलाफ अफगानिस्तान की सीरीज जीत के बाद शोएब अख्तर ने रखा अपना पक्ष
26 मार्च को खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को 7 विकेट से जबरदस्त मात दी और तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज को 2-0 से अपने नाम किया।
अद्यतन - Mar 27, 2023 1:51 pm

26 मार्च को खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को 7 विकेट से जबरदस्त मात दी और तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज को 2-0 से अपने नाम किया। दोनों टीमों के बीच आज यानी 27 मार्च को तीसरा और अंतिम टी-20 मैच खेला जाएगा। अफगानिस्तान के पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज जीतने के बाद पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने अफगानिस्तान को इस जीत के लिए ढेर सारी बधाई दी।
बता दें, जहां एक तरफ अफगानिस्तान ने पहले टी-20 मैच को 6 विकेट से जीता था वहीं दूसरे मैच में उन्होंने सात विकेट से जीत दर्ज की। शोएब अख्तर ने अपने यूट्यूब चैनल में कहा कि अगर पठान और बंगाली अपना पूरा जोर लगाए तो वह दुनिया की सबसे मजबूत कौम या जाति बन सकते हैं।
शोएब अख्तर ने कहा कि, ‘मैं अफगानिस्तान के प्रदर्शन से बहुत ही ज्यादा खुश हूं। अगर पठान और बंगाली अपनी ताकत को सही तरह से इस्तेमाल करें तो वो दुनिया के सबसे मजबूत समुदाय बन सकते हैं क्योंकि दोनों में अतिवाद है। मुझे इस बात की काफी खुशी है कि हमारे पठान भाइयों ने यह सीरीज जीती।’
अफगानिस्तान के स्पिनर्स सच में कमाल के हैं: शोएब अख्तर
शोएब अख्तर की मानें तो अफगानिस्तान की टीम सच में काफी कमाल की है और उनके स्पिनर्स वर्ल्ड क्लास हैं।
अख्तर ने आगे कहा कि, ‘अफगानिस्तान की टीम काफी मजबूत है। उनके स्पिनर्स सच में कमाल के हैं। मोहम्मद नबी ने काफी अच्छी गेंदबाजी की। उनके सभी स्पिनर्स मिस्ट्री स्पिनर्स हैं। भारत में जो वर्ल्ड कप होना है उसमें अफगानिस्तान बेहतरीन टीमों में से एक होगी।’
इसी के साथ पूर्व तेज गेंदबाज ने पाकिस्तान टीम के इस समय के कप्तान शादाब खान को भी महत्वपूर्ण सलाह दी। उन्होंने शादाब खान से कहा कि वो अफगानिस्तान को तगड़ी चुनौती दे।
पूर्व तेज गेंदबाज ने शादाब खान को कहा कि, ‘आप जबरदस्त वापसी करें। अफगानिस्तान को कड़ी चुनौती दे। अफगानिस्तान ने सच में कुछ मुश्किल क्रिकेट खेला है। यह देखकर काफी अच्छा लग रहा है कि पहली बार उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज की और मुझे यह चीज भी देखकर अच्छा लग रहा है कि उन्होंने मैच्योर क्रिकेट खेला। अफगानिस्तान को हर समय अच्छी खबर चाहिए होती है। वहां के मेरे कई दोस्तों ने मुझे कॉल किया। मुझे काबुल जाना है।’