‘अगर हार्दिक पांड्या ने अपना आपा खो दिया तो इसका मतलब ये नहीं कि वो खराब कप्तान हैं’- ग्रीम स्वान
मोहम्मद शमी की खराब फील्डिंग को देखकर भड़क उठे थे हार्दिक पांड्या।
अद्यतन - Apr 12, 2022 1:47 pm

हार्दिक पांड्या ने आईपीएल 2022 में निश्चित रूप से अपनी कप्तानी से सभी को प्रभावित किया है। टूर्नामेंट में अब तक, हार्दिक ने सोमवार (11 अप्रैल) को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आठ विकेट से हार का सामना करने से पहले उन्होंने गुजरात टाइटंस को लगातार तीन जीत दिलाई। हार्दिक ने अभी तक खेल में बल्ले और गेंद दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया है।
लेकिन हैदराबाद के खिलाफ मैच के दौरान जब उनकी टीम 164 रनों के लक्ष्य का बचाव कर रही थी, तब एक वक्त ऐसा लगा की गुजरात के कप्तान ने अपना आपा खो दिया। हैदराबाद की पारी के 13वें ओवर के दौरान हार्दिक की गेंद पर मोहम्मद शमी से राहुल त्रिपाठी का एक कैच मिस हो गया और फिर हार्दिक अपने सीनियर गेंदबाज पर चिल्लाते हुए नजर आए।
हार्दिक पांड्या की कप्तानी से नहीं बल्कि कम रन के वजह से हारी गुजरात: ग्रीम स्वान
ओवर की आखिरी गेंद पर राहुल त्रिपाठी ने डीप थर्ड मैन की तरफ हवा में शॉट खेला, जिसपर शमी कैच नहीं पकड़ पाए। इसके बाद हार्दिक काफी गुस्से में दिखे और वह शमी पर चिल्लाने लगे। मोहम्मद शमी के प्रति हार्दिक के इस व्यवहार को देखने के बाद फैंस उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल करने लगे और अब इसी मुद्दे पर इंग्लैंड के पूर्व ऑफ स्पिनर ग्रीम स्वान ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
स्टार स्पोर्ट्स के एक शो में ग्रीम स्वान ने कहा कि, “मैं आपको बताऊंगा कि हमें क्या नहीं करना चाहिए। हमें अब अचानक ये नहीं कहना चाहिए कि हार्दिक पांड्या अच्छे कप्तान नहीं हैं। सच्चाई ये है कि उनकी टीम ने ज्यादा रन नहीं बनाए थे और इसी वजह से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। ना कि हार्दिक पांड्या की कप्तानी की वजह से उन्हें हार मिली। अगर टीम ने पर्याप्त रन बनाए होते तो उन्हें जीत हासिल हुई होती।”
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन, जो उसी पैनल का हिस्सा थे, उन्होंने भी कैच नहीं लेने के लिए शमी की आलोचना की। गुजरात टाइटंस टीम का अब अगला मुकाबला 14 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होगा।