रोहित शर्मा इरफान पठान

“कप्तानी होने या न होने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा”- रोहित की बल्लेबाजी को लेकर बोले इरफान पठान

रोहित ने वर्ल्ड कप 2023 में बल्ले से किया था शानदार प्रदर्शन।

Irfan Pathan and Rohit Sharma (Image Credit- Twitter)
Irfan Pathan and Rohit Sharma (Image Credit- Twitter)

टीम इंडिया के पूर्व स्टार ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि, रोहित शर्मा आईपीएल 2024 में भी वही आक्रामक रवैया अपनाएंगे जो उन्होंने 2023 वनडे वर्ल्ड कप में अपनाया था।

आपको बता दें कि, मुंबई इंडियंस (MI) ने आईपीएल 2024 के ऑक्शन से पहले गुजरात टाइटन्स (GT) से हार्दिक पांड्या को खरीद लिया। बाद में उन्होंने इस कैश रिच लीग के आगामी संस्करण के लिए रोहित की जगह बड़ौदा के ऑलराउंडर (हार्दिक पांड्या) को अपना कप्तान नियुक्त किया। रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच आईपीएल खिताब अपने नाम किए हैं।

रोहित शर्मा की बल्लेबाजी अप्रोच को लेकर इरफान पठान ने दिया बड़ा बयान

स्टार स्पोर्ट्स पर एक चर्चा के दौरान, पठान से पूछा गया कि क्या रोहित आईपीएल 2024 में अधिक स्वतंत्र रूप से खेलेंगे क्योंकि वह अब कप्तान नहीं हैं। इसका जवाब देते हुए इरफान ने कहा कि, “क्या 50 ओवर के वर्ल्ड कप में उन पर कप्तानी संबंधी प्रतिबंध नहीं थे? वहां भी वो कप्तान थे और उन्होंने अद्भुत स्ट्राइक रेट के साथ खेला।

मुझे लगता है कि कप्तानी होने या न होने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। पिछले कुछ समय से उन्होंने अपना दृष्टिकोण बदल दिया है थोड़े समय में फर्क पड़ेगा। मुझे लगता है कि वह उस टेम्पलेट को जारी रखेंगे।”

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर ने बताया कि रोहित की सकारात्मक बल्लेबाजी अप्रोच से उन्हें हाल के दिनों में काफी फायदा हुआ है। इरफान ने कहा कि, “उस टेम्पलेट को हासिल करने में उन्हें लगभग एक से डेढ़ साल लग गए। पहले, रोहित शर्मा पहले दो या तीन ओवरों के लिए अपना समय लेते थे और फिर तेजी से रन बनाते थे। पिछले दो वर्षों में, उन्होंने जिम्मेदारी ली और कहा कि वह पहले ओवर से ही तेज रन बनाएंगे और उन्हें अब इसका परिणाम मिलना शुरू हो गया है।”

रोहित ने 2023 वर्ल्ड कप में 11 मैचों में 125.94 की शानदार स्ट्राइक रेट से 597 रन बनाए। अपने आक्रामक रवैये के बावजूद, वह टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। वर्ल्ड कप  2023 में सबसे ज्यादा रन विराट कोहली ने बनाए। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 90.31 की स्ट्राइक रेट से 765 रन बनाए।

यह भी पढ़ें: नवीन उल हक की जगह LSG आगामी सीजन के लिए इन तीन खिलाड़ियों को अपनी टीम में कर सकता है शामिल

close whatsapp