इधर अक्षर पटेल ताबरतोड़ बल्लेबाजी कर थे, उधर ड्रेसिंग रूम में राहुल द्रविड़ सबसे ज्यादा टेंशन में थे
दूसरे वनडे मैच में भारत की जीत में अक्षर पटेल ने निभाई बड़ी भूमिका।
अद्यतन - Jul 25, 2022 2:22 pm

लगातार दो मैचों में कैरेबियाई टीम को हराकर शिखर धवन की अगुवाई वाली टीम इंडिया तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना चुकी है। दूसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीजन की टीम जीत के बेहद करीब पहुंच गई थी लेकिंन ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने अपनी मैच जिताऊ पारी खेलकर टीम इंडिया को एक रोमांचक जीत दिलाई।
सीरीज में अब तक दो मैच खेले गए हैं और दोनों ही मैच काफी रोमांचक हुए हैं। पहला मैच भी रोमांचक तरीके से समाप्त हुआ था जब भारत ने अंतिम गेंद पर जीत हासिल की थी। मोहम्मद सिराज ने 15 रनों का बचाव करते हुए भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे मैच में भी मैदान के बाहर स्थिति तनावपूर्ण रही। जीत के बाद, श्रेयस अय्यर ने खुलासा किया कि कैसे टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ इस मैच के दौरान टेंशन में थे।
मैच के दौरान काफी टेंशन में थे राहुल द्रविड़- श्रेयस अय्यर
अय्यर ने दूसरे एकदिवसीय मैच में रोमांचक जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, “यह मजेदार था, ईमानदारी से कहूं तो। हम सब एक साथ बैठे थे, और राहुल (द्रविड़) सर बहुत परेशान थे; वो लगातार खिलाड़ियों के जरिए संदेश भेज रहे थे।”
उन्होंने आगे कहा कि, “मुझे लगता है कि बहुत से खिलाड़ियों ने वास्तव में अच्छी भावनाएं दिखाईं और दबाव की स्थिति में बहुत शांत थे। चूंकि हमने हाल ही में इतने सारे मैच खेले हैं, मुझे लगता है कि हम इन सभी भावनाओं को पहले ही देख चुके हैं। यह हमारे लिए सिर्फ एक और मैच था। मुझे लगता है कि हमने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया, खासकर अक्षर, जिस तरह से उन्होंने आज मैच समाप्त किया, वो शानदार था।”
भारत ने वेस्टइंडीज में अपना सर्वोच्च लक्ष्य का पीछा किया और मेजबानों द्वारा निर्धारित 312 रनों के स्कोर को दो गेंद शेष रहते हासिल किया। धवन के जल्दी आउट होने के बाद, अय्यर और संजू सैमसन ने चौथे विकेट के लिए 99 रनों की शानदार साझेदारी की और अंत में दीपक हुड्डा और अक्षर पटेल ने अच्छी पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई।