दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बने शुभमन गिल, ICC रैकिंग में हुआ बड़ा उलटफेर
भारत के बेहतरीन बल्लेबाज शुभमन गिल आईसीसी मेन्स वनडे रैंकिंग में पहले पायदान पर पहुंचे
अद्यतन - फरवरी 19, 2025 2:36 अपराह्न

आईसीसी ने आज यानी 19 फरवरी को लेटेस्ट पुरुष प्लेयर वनडे रैंकिंग जारी की है, जिसमें भारत के बेहतरीन बल्लेबाज शुभमन गिल को जबरदस्त फायदा मिला है। वह आईसीसी मेन्स वनडे रैंकिंग में पहले पायदान पर पहुंच गए हैं। शुभमन गिल ने पाकिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम को पछाड़कर टॉप रैंकिंग अपने नाम की है।
हाल ही में टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली थी, जिसमें शुभमन गिल ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की थी। उन्होंने इस वनडे सीरीज में तीन मैचों में 86.33 की औसत से 259 रन बनाए थे। अहमदाबाद में खेले गए तीसरे अंतिम वनडे मैच में शुभमन गिल ने अपनी टीम के लिए मैच विनिंग शतक भी बनाया था।
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की शुरुआत आज यानी 19 फरवरी से हो चुकी है और इस शानदार इवेंट में भी शुभमन गिल अपनी छाप जरूर छोड़ना चाहेंगे। वहीं बाबर आजम की बात की जाए तो 108 दिन के बाद पाकिस्तानी बल्लेबाज़ नंबर 1 वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग से ड्रॉप हुए हैं। हाल ही में पाकिस्तान, साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच त्रिकोणीय सीरीज खेली गई थी, जिसमें बाबर आजम अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे थे।
यही वजह है कि बाबर आजम रैंकिंग में नुकसान हुआ है। शुभमन गिल के अलावा सिर्फ तीन ही भारतीय बल्लेबाज हैं, जिन्होंने वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में पहला पायदान हासिल किया है। ये तीन खिलाड़ी हैं सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी।
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का पहला मैच पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच में खेला जा रहा है
बता दें कि आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का पहला मैच पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच इस समय कराची के नेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। आउट ऑफ फॉर्म बाबर आजम न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाने को जरूर देखेंगे।
टीम इंडिया की बात की जाए तो उन्हें इस इवेंट का अपना पहला मैच बांग्लादेश के खिलाफ 20 फरवरी को दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेलना है। शुभमन गिल को इस मैच में भी बड़ा स्कोर बनाते हुए देखा जा सकता है।