2021 की गाबा जीत को अभी तक नहीं भूले हैं शुभमन गिल, BGT के तीसरे टेस्ट से पहले युवा बल्लेबाज ने किया बड़ा खुलासा
अभी तक इन दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट खेले जा चुके हैं और यह सीरीज 1-1 की बराबरी पर है।
अद्यतन - Dec 13, 2024 4:21 pm

ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला 14 दिसंबर से शुरू हो रहा है। यह मैच ब्रिस्बेन के गाबा में खेला जाएगा। अभी तक इन दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट खेले जा चुके हैं और यह सीरीज 1-1 की बराबरी पर है।
अब ब्रिस्बेन टेस्ट को दोनों ही टीमें अपने नाम जरूर करना चाहेंगी। बता दें कि, इन दोनों टीमों के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2021 का चौथा टेस्ट ब्रिस्बेन में खेला गया था, जिसमें टीम इंडिया ने तीन विकेट से जीत दर्ज की थी। इस मुकाबले में टीम इंडिया की ओर से शानदार बल्लेबाज शुभमन गिल ने दूसरी पारी में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 91 रन बनाए थे।
गिल के अलावा चेतेश्वर पुजारा ने 56 रन का योगदान दिया था, जबकि ऋषभ पंत ने 89* रनों की मैच विनिंग पारी खेली थी। अब जारी बीजीटी के तीसरे टेस्ट से पहले युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने बड़ा बयान दिया है।
गिल ने तीसरे टेस्ट से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, ‘यह सच में Nostalgic है। पूरी टीम स्टेडियम में घूम रही थी और काफी खिलाड़ियों की यादें ताजा हो गईं। विकेट के बारे में हमें तब पता चल जाएगा, जब हम यहां पर खेलने उतरेंगे। सच बताऊं तो यह काफी अच्छा विकेट दिख रहा है।’
दोनों टीमें आगामी टेस्ट के लिए तैयार हैं
आगामी टेस्ट के लिए दोनों टीमें जमकर अभ्यास कर रही हैं। पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 295 रनों से हराया था, जबकि दूसरे टेस्ट मैच को मेजबान ने 10 विकेट से अपने नाम किया था। जहां एक तरफ पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों ने धमाकेदार प्रदर्शन किया था, वहीं दूसरे टेस्ट में वो शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी करने में नाकाम रहे थे।
मेहमान टीम को अगर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अपनी जगह पक्की करनी है, तो उसे बचे हुए तीनों मुकाबले जीतने होंगे। शुभमन गिल और ऋषभ पंत एक बार फिर से इस वेन्यू पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाना चाहेंगे।