शिखर धवन ने शुभमन गिल को टेस्ट कप्तानी सौंपने पर क्या कहा? CricTracker Hindi

‘टेस्ट कप्तानी के लिए शुभमन गिल बिल्कुल सही उम्मीदवार हैं’, दाएं हाथ के बल्लेबाज का शिखर धवन ने खुलकर किया समर्थन

गिल इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से अपने कप्तानी की शुरुआत करेंगे।

Shikhar Dhawan and Shubman Gill. (Photo Source: Twitter/BCCI)
Shikhar Dhawan and Shubman Gill. (Photo Source: Twitter/BCCI)

रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद शुभमन गिल को भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया है। वह इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से अपने कप्तानी की शुरुआत करेंगे। उनको टेस्ट टीम की जिम्मेदारी दिए जाने के बाद दिग्गज क्रिकेटरों ने उनका समर्थन किया। इस बीच शिखर धवन ने भी प्रतिक्रिया दी है और कहा, पंजाब का यह बल्लेबाज रेड बॉल क्रिकेट में भारत की कप्तानी करने के लिए बिल्कुल सही उम्मीदवार है।

शिखर धवन ने शुभमन गिल पर भरोसा जताते हुए कहा कि युवा बल्लेबाज ने आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन किया और भारत के लिए भी काफी क्रिकेट खेल चुके हैं।

वह एकदम सही उम्मीदवार हैं- शिखर धवन

धवन ने कहा, ‘मुझे लगता है यह अच्छा विकल्प है। हाल में आईपीएल में शुभमन गिल ने अच्छा प्रदर्शन किया है। वह प्रतिभाशाली हैं और मैच्योर हो गए हैं। वह कई सालों से भारतीय टीम के लिए खेल रहे हैं। मेरे हिसाब से टेस्ट कप्तानी संभालने के लिए वह एकदम सही उम्मीदवार हैं। मुझे यकीन है कि इसे अच्छी तरह से संभालेंगे और टीम को लीड करेंगे। यह नई पीढ़ी है – Gen Z- और मुझे विश्वास है कि वह शानदार काम करेंगे। उन्हें मेरी शुभकामनाएं।’

इसके अलावा आईपीएल 2025 में उन्होंने पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को सपोर्ट किया है। उन्होंने कहा कि इस बार आईपीएल काफी रोमांचक रहा है। फाइनल के लिए मेरा समर्थन मुंबई इंडियंस के साथ रहेगा। MI वाकई में बहुत अच्छा खेल रही है। जिस तरह से उन्होंने मोमेंटम हासिल किया है, वह शानदार है। वह एक मजबूत और संतुलित टीम है। इसलिए, मैं मुंबई इंडियंस के साथ हूं।

MI की बात करें, तो उसने शुभमन गिल की नेतृत्व वाली गुजरात टाइटंस को एलिमिनेटर में हराकर क्वालीफायर-2 में जगह बना ली है। जहां हार्दिक पांड्या की टीम का सामना 2 जून को पंजाब किंग्स से होगा। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम को क्वालीफायर-1 में आरसीबी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। अब वह आईपीएल 2025 के फाइनल में जगह बनाने के लिए अपने दूसरे अवसर का पूरा फायदा उठाना चाहेगी।

close whatsapp