SL vs AFG 2023: शुभमन गिल को पछाड़कर यह कारनामा करने वाले केवल दूसरे क्रिकेटर बने इब्राहिम जादरान - क्रिकट्रैकर हिंदी

SL vs AFG 2023: शुभमन गिल को पछाड़कर यह कारनामा करने वाले केवल दूसरे क्रिकेटर बने इब्राहिम जादरान

इब्राहिम जादरान संयुक्त रूप से सबसे तेज 500 ODI रन बनाने वाले एशियाई बल्लेबाज बने।

Ibrahim Zadran and Shubman Gill. (Image Source: Getty Images)
Ibrahim Zadran and Shubman Gill. (Image Source: Getty Images)

अफगानिस्तान के युवा बल्लेबाज इब्राहिम जादरान ने 2 जून को श्रीलंका के खिलाफ हंबनटोटा के महिंदा राजपक्षे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले ODI मैच में शानदार पारी खेलते हुए न सिर्फ अपनी टीम को जीत दिलाई, बल्कि ODI क्रिकेट में दो रिकॉर्ड भी अपने नाम किए।

श्रीलंका के खिलाफ जीत के लिए 269 रनों का पीछा करते हुए इब्राहिम जादरान ने 98 गेंदों में 98 रनों की पारी खेली और अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को पहले ODI में छह विकेट की जीत करने में मदद की। इस विशाल जीत के साथ अफगानिस्तान ने जारी तीन मैचों की ODI सीरीज में मेजबान श्रीलंका के खिलाफ 1-0 से बढ़त बना ली है।

खैर, 21-वर्षीय बल्लेबाज मात्र दो रनों से अपना शतक पूरा करने से चूक गए, लेकिन उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान भारत के शुभमन गिल का एक रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दरअसल, इब्राहिम जादरान भारत के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 500 ODI रन बनाने वाले दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज बन गए।

इब्राहिम जादरान का बल्ला ODI क्रिकेट में चमक रहा है

इब्राहिम जादरान ने 9 पारियों में यह मुकाम हासिल किया, जबकि शुभमन गिल ने यह कारनामा 10 पारियों में किया था। इसके अलावा, जादरान ने पाकिस्तान के इमाम-उल-हक के एक एशियाई बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज 500 ODI रन बनाने के रिकॉर्ड की भी बराबरी की है।

आपको बता दें, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज 500 ODI रन बनाने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के जानेमन मलान के नाम है।

इस बीच, शुभमन गिल इस समय टीम इंडिया के साथ इंग्लैंड में हैं, जहां वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 7 जून से लंदन के द ओवल में आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2021-23 के फाइनल में एक्शन में नजर आएंगे।

वहीं दूसरी ओर, इब्राहिम जादरान 4 जून को श्रीलंका के खिलाफ दूसरे ODI मैच में एक्शन में नजर आएंगे, जो हंबनटोटा के महिंदा राजपक्षे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में ही खेला जाएगा।

close whatsapp