ऑस्ट्रेलिया को लगा तगड़ा झटका, ट्रेविस हेड हुए वनडे सीरीज से बाहर
ऑस्ट्रेलिया टीम के ऑलराउंडर ट्रेविस हेड हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं।
अद्यतन - Jun 23, 2022 5:22 pm

श्रीलंका के खिलाफ चल रही वनडे सीरीज के पांचवे मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलिया टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के ऑलराउंडर ट्रेविस हेड इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। बता दें, श्रीलंका इस सीरीज को अपने नाम कर चुकी है। उनकी टीम चौथे मुकाबले को जीतकर 3-1 की बढ़त हासिल करते हुए सीरीजअपने नाम की थी। इसी मुकाबले में हेड को फील्डिंग करते समय हैमस्ट्रिंग इंजरी हो गई थी, जिसकी वजह से उनको वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया है।
उनके चोटिल होने के बाद अब ऑस्ट्रेलिया के लिए समस्या बढ़ गई है क्योंकि उनकी जगह अब टेस्ट मुकाबलों में टीम को कोई धाकड़ ऑलराउंडर टीम में शामिल करना पड़ सकता है। दो टेस्ट मुकाबलों की सीरीज का पहला मुकाबला 29 जून को गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। अब हेड के चोटिल होने के बाद ऑस्ट्रेलिया टीम की दिक्कत काफी बढ़ गई है।
cricket.com.au. के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया के लिमिटेड ओवर्स के कप्तान एरोन फिंच ने कहा कि, ‘हमारी टीम के लिए मुश्किलें काफी बढ़ गई है क्योंकि जहां पर वो फील्डिंग करते थे वहां पर उनसे अच्छा फील्डर हमारे पास नहीं है। उनको भागकर काफी मैदान कवर करना पड़ता था। अब टेस्ट सीरीज का पता नहीं लेकिन आखिरी वनडे मुकाबले के लिए वो फिट नहीं है।’
ऑस्ट्रेलिया टीम में मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजों की हुई कमी
बता दें, हेड से पहले टीम के गेंदबाजी ऑलराउंडर एश्टन एगर भी साइड स्ट्रेन के चलते मुकाबले नहीं खेल पाए थे। उनकी जगह टीम, टेस्ट सीरीज के लिए मैथ्यू कुहनेमैन या जॉन होलैंड को टीम में शामिल कर सकती है। हालांकि ऑस्ट्रेलिया टीम के पास टेस्ट टीम के लिए फिलहाल कोई बैकअप बल्लेबाज नहीं बचा है।
इस साल की शुरुआत में पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया ने टीम के ऑलराउंडर मिचेल मार्श और विकेटकीपर जोश इंग्लिस को मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज के रूप में टीम में शामिल किया था। पांचवें वनडे मुकाबले के लिए मिचेल स्टार्क और स्टीव स्मिथ भी प्लेइंग XI का हिस्सा नहीं होंगे। स्टार्क की बाएं हाथ की उंगली में चोट लगी है जबकि स्मिथ भी चोटिल हैं।