SMAT में मोहम्मद शमी ने बल्ले से मचाया धमाल, 188 के स्ट्राइक रेट से ठोके 32* रन - क्रिकट्रैकर हिंदी

SMAT में मोहम्मद शमी ने बल्ले से मचाया धमाल, 188 के स्ट्राइक रेट से ठोके 32* रन

शमी के चलते ही बंगाल ने 159 रनों का टोटल बोर्ड पर लगाया है। 

Mohammed Shami (Photo Source: X)
Mohammed Shami (Photo Source: X)

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 का पहला प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबला 9 दिसंबर को बंगाल और चंडीगढ़ के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने बंगाल के लिए तूफानी पारी खेली, जिसके चलते वह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए हैं। शमी के चलते ही बंगाल ने 159 रनों का टोटल बोर्ड पर लगाया है।

मोहम्मद शमी ने 17 गेंदों में बनाए नाबाद 32 रन

चंडीगढ़ के खिलाफ बंगाल की बैटिंग यूनिट का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। टीम ने मात्र 70 के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए थे। अभिषेक पोरेल (8), सुदीप कुमार (0), शकीर गांधी (10), वी चैटर्जी (28) और शाहबाज अहमद (7) सस्ते में पवेलियन लौट गए थे।

इसके बाद मोहम्मद शमी 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे और उन्होंने 17 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 32 रनों की नाबाद पारी खेल टीम का टोटल 159 तक पहुंचाया। इस दौरान शमी का स्ट्राइक रेट 188.24 का था।

चंडीगढ़ के गेंदबाजों के प्रदर्शन की बात करें तो जगजीत सिंह ने 4 ओवर में 21 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट झटके। वहीं, राज बावा ने दो विकेट चटकाए।

BGT के आखिरी दो मैचों में खेल सकते हैं शमी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहम्मद शमी जारी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के आखिरी दो मैचों में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के खत्म होने के बाद ऑस्ट्रेलिया रवाना हो सकते हैं, एक सूत्र के मुताबिक शमी की किट बैग पहले ही ऑस्ट्रेलिया भेज दी गई है। बता दें, शमी लंबे समय से टखने की चोट के चलते इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर हैं। उन्होंने आखिरी मैच वर्ल्ड कप 2023 के दौरान खेला था।

शमी की वापसी को लेकर भारतीय कप्तान ने दिया यह बयान

एडिलेड टेस्ट के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने शमी की वापसी को लेकर बात करते हुए कहा, “शमी के लिए टीम के दरवाजे खुले हैं,  हम उन पर नजर बनाए हुए हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेलते हुए शमी के घुटने में फिर से सूजन आ गई थी, जिसने उनकी टेस्ट क्रिकेट में वापसी की तैयारियों में बाधा डाली है और हमें शमी को लेकर काफी ध्यान रखना होगा। हम नहीं चाहते कि वो यहां खेलने आए और फिर से उनको कुछ हो जाए, इसलिए उनका 100 प्रतिशत फिट होना जरूरी है।”

close whatsapp