IND vs AUS: चौथे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करेंगे स्टीव स्मिथ, पैट कमिंस टीम से हुए बाहर
पैट कमिंस की मां को ब्रेस्ट कैंसर है और उनकी तबियत इस समय बहुत ही खराब है।
अद्यतन - Mar 6, 2023 12:57 pm

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा और अंतिम टेस्ट मुकाबला 9 मार्च से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुरू हो रहा है। इस शानदार टेस्ट मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया खेमे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। टीम के रेगुलर कप्तान पैट कमिंस चौथे टेस्ट में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे और इसी वजह से स्टीव स्मिथ ही इस मैच में कप्तानी करेंगे।
बता दें, पैट कमिंस की मां की तबीयत इस समय ठीक नहीं है और इसी वजह से दिल्ली में भारत के खिलाफ पिछले महीने खेले गए दूसरे टेस्ट मुकाबले के बाद वो सिडनी के लिए रवाना हो गए थे, जहां उनका घर है। पैट कमिंस की मां को ब्रेस्ट कैंसर है और उनकी तबियत इस समय बहुत ही खराब है।
क्रिकेट.कॉम.एयू के मुताबिक, ‘स्टीव स्मिथ जिन्होंने तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी की थी और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी वो ही चौथे टेस्ट में भी कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।’ अनुभवी बल्लेबाज खुद यही चाहेंगे कि अहमदाबाद टेस्ट में जीत दर्ज कर वो इस चार मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में बराबरी कर पाए।
पैट कमिंस का वनडे सीरीज में भी खेलना मुश्किल
चार मुकाबलों की टेस्ट सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली जानी है। पैट कमिंस को पिछले साल वनडे क्रिकेट का भी कप्तान नियुक्त किया गया था। हालांकि तेज गेंदबाज भारत के खिलाफ होने वाली तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में वापसी करेंगे या नहीं इसको लेकर कोई भी खबर सामने नहीं आई है। वहीं तेज गेंदबाज झे रिचर्ड्सन भी चोटिल हो चुके हैं और उनकी जगह वनडे टीम में नाथन एलिस ने ली है।
बता दें, भारत ने पहला टेस्ट नागपुर में एक पारी और 132 रन से अपने नाम किया था जबकि दूसरा टेस्ट को उन्होंने 6 विकेट से जीता था। तीसरे टेस्ट को ऑस्ट्रेलिया ने स्टीव स्मिथ की कप्तानी में 9 विकेट से अपने नाम किया था। अगर भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अपनी जगह बनानी है तो उन्हें चौथा टेस्ट जीतना बेहद जरूरी होगा। ऑस्ट्रेलिया इस शानदार टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह बना चुकी है।