रोहित शर्मा ने अंगूठे की चोट पर अपडेट देते हुए बताया घायल होते हुए भी कैसे कर पाए बल्लेबाजी - क्रिकट्रैकर हिंदी

रोहित शर्मा ने अंगूठे की चोट पर अपडेट देते हुए बताया घायल होते हुए भी कैसे कर पाए बल्लेबाजी

रोहित शर्मा ने नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में नाबाद 51 रनों की पारी खेली।

Rohit Sharma (Image Source: BCCI/Twitter)
Rohit Sharma (Image Source: BCCI/Twitter)

भारतीय क्रिकेट टीम का निराशाजनक प्रदर्शन बांग्लादेश दौरे पर जारी है, क्योंकि मेहमान टीम ने 7 दिसंबर को दूसरा वनडे पांच रनों से गंवाने के साथ ही तीन मैचों की वनडे सीरीज भी मेजबान टीम की झोली में डाल दी है। हालांकि, भारत को इस मैच में चोटों का सामना करना पड़ा, क्योंकि पहले दीपक चाहर चोटिल हुए और फिर कप्तान रोहित शर्मा, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों की एक और नाकामी ने उन्हें मुंह की खाने के लिए मजबूर किया।

इस बीच, क्रिकेट बिरादरी और फैंस रोहित शर्मा की बहादुरी दिखाने के लिए प्रशंसा कर रहे है, क्योंकि वह चोटिल/उखड़े हुए अंगूठे के साथ अपनी टीम की लाज बचाने के लिए बल्लेबाजी करने पहुंचे थे। भारतीय कप्तान ने नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में नाबाद 51 रनों की पारी खेली, लेकिन वह टीम इंडिया को अंतिम गेंद पर छक्का लगाकर जीत दिलाने में नाकामयाब रहे, इस तरह बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने दूसरा वनडे पांच रनों से जीतकर 2-0 से घरेलू सीरीज में बढ़त हासिल कर सीरीज अपने नाम कर ली। अब इस बांग्लादेश बनाम भारत वनडे सीरीज का तीसरा और अंतिम वनडे 10 दिसंबर को ढाका में खेला जाएगा।

रोहित शर्मा ने अंगूठे की चोट पर दी अपडेट

आपको बता दें, रोहित शर्मा ने अपने बाएं-हाथ पर भारी टेप लगाकर दर्द और असहजता के साथ बल्लेबाजी की। भारतीय कप्तान को मैच की शुरुआत में ही स्लिप में फील्डिंग करते समय अंगूठा चोटिल हो जाने के बाद स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया था। जहां से लौटने के बाद टीम को मुश्किल में देख अपना दर्द भुलाकर उन्होंने यादगार पारी खेली, लेकिन दुर्भाग्य से वह भारत को जीत नहीं दिला पाए।

इस बीच, मैच के बाद भारतीय कप्तान ने अपनी चोट पर अपडेट देते हुए बताया कि उनका अंगूठा बहुत अच्छी स्थिति में नहीं है, लेकिन फ्रैक्चर नहीं होने के कारण वह बल्लेबाजी कर पाए थे। आपको बता दें, रोहित बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे से बाहर हो गए हैं।

रोहित शर्मा ने पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन के दौरान कहा: “सच कहूं तो मेरा अंगूठा फिलहाल बिलकुल भी अच्छी स्थिति में नहीं है। उंगली में कुछ डिसलोकेशन है, लेकिन फ्रैक्चर नहीं है, यही वजह है कि मैं आकर बल्लेबाजी कर सका। मुझे लगता है कि जब आप मैच हारते हैं, तो इसके सकारात्मक और नकारात्मक दो पहलू होते हैं। बांग्लादेश को 70/6 से 271 रन बनाने की अनुमति देना हमारे गेंदबाजों का अच्छा प्रयास नहीं था।”

close whatsapp