जो रूट की कप्तानी को लेकर लगातार सवाल खड़े किए जाने पर अब टीम के अंतरिम कोच पॉल कॉलिंगवुड ने दिया यह बयान
जो रूट की कप्तानी में इंग्लैंड टेस्ट टीम का पिछले काफी समय से शर्मनाक प्रदर्शन देखने को मिल रहा है।
अद्यतन - Mar 29, 2022 4:30 pm

इंग्लैंड की टीम को एशेज 2021-22 में एक शर्मनाक हार के बाद अब वेस्टइंडीज से भी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है। एशेज में ऑस्ट्रेलिया से 0-4 से हार के बाद टीम को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था और पूर्व कोच क्रिस सिल्वरवुड को बर्खास्त भी किया गया था। इसके बावजूद इंग्लैंड की टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हार गयी।
जो रूट की अगुआई वाली टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के दूसरे संस्करण की अंकतालिका में सबसे नीचे है। वहीं अब वेस्टइंडीज से टेस्ट सीरीज हारने के बाद टीम में जो रूट की कप्तानी को लेकर सवाल उठाये जा रहे हैं। इसके अलावा विशेषज्ञ भी कप्तानी में बदलाव को लेकर विचार कर रहे हैं। हालांकि जो रूट ने विश्वास जताया है कि वह अभी नेतृत्व कर सकते हैं। इंग्लैंड की टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ ग्रेनेडा टेस्ट की पहली पारी में 204 रन बनाए जबकि दूसरी पारी के दौरान केवल 120 रन पर ही सिमट गयी।
इस बीच इंग्लैंड टीम के अंतरिम मुख्य कोच ने कप्तान जो रूट के पक्ष में प्रतिक्रिया दी है। उनका मानना है कि जो रूट बतौर कप्तान मैच को जीतकर टीम को आगे ले जाने की कोशिश करते है। ऐसे में उनकी कप्तानी को लेकर उठे सवालों को देखते हुए कॉलिंगवुड हैरान हैं।
“कभी-कभी यह मुझे आश्चर्यचकित करता है”- पॉल कॉलिंगवुड
मुख्य कोच ने ब्रिटिश मीडिया को द गार्जियन के हवाले से कहा “ड्रेसिंग रूम में रूट के साथ काम करने के तरीके को देखकर मुझे इस तरह के सवाल आश्चर्यचकित करते हैं। मैंने मुख्य कोच के रूप में उनके साथ काम किया है। आप उनके जूनून को देख सकते हैं। इन परिस्थितियों को ठीक करने की भूख उनके अंदर दिखाई देती है।”
उन्होंने आगे कहा “जो रूट टीम को जीत दिलाने और टीम की वापसी के लिए बेताब हैं। इसके अलावा मैंने भी टीम को आगे बढाने की कोशिश की है और ड्रेसिंग रूम में नेतृत्व के लिहाज से जो किया है, उसके संदर्भ में सकारात्मकता के अलावा कुछ नहीं कह सकता।”