मोईन अली ने ब्रेंडन मैकुलम की उम्मीदों पर फेरा पानी; नहीं बदलेंगे टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का फैसला
इंग्लैंड ने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ मोईन अली की अगुआई में 4-3 से T20I सीरीज जीती थी।
अद्यतन - Oct 4, 2022 5:53 pm

इंग्लैंड के अनुभवी ऑलराउंडर मोईन अली ने टेस्ट टीम के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम के साथ अपनी बातचीत के बारे में खुलासा करते हुए पुष्टि की है कि वह टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के अपने फैसले को पलटने वाले नहीं हैं।
आपको बता दें, 35-वर्षीय क्रिकेटर ने पिछले साल सितंबर में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी, लेकिन इस साल जून में ब्रेंडन मैकुलम ने उम्मीद जताई थी कि वह शायद मोईन का मन बदलने में सफल हो जाए, और यहां तक कि अनुभवी ऑलराउंडर ने भी कहा था कि वह दिसंबर में पाकिस्तान में खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज में हिस्सा लेने के लिए अपने संन्यास के फैसले को वापस लेने पर विचार करेंगे।
मोईन अली नहीं करेंगे टेस्ट क्रिकेट में वापसी
लेकिन अब मोईन अली ने साफ तौर पर कह दिया है कि उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में उनकी वापसी के सभी दरवाजे बंद कर दिए हैं, और अब वह अपना फैसला नहीं बदलेंगे, क्योंकि वह इस उम्र में खेल के तीनों प्रारूपों में अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं दे सकते हैं। ऑलराउंडर ने यह भी कहा कि उन्होंने इस फैसले के लिए ब्रेंडन मैकुलम से माफी भी मांगी।
मोईन अली ने डेली मेल के लिए अपने कॉलम में लिखा: “मैंने बाज (मैकुलम) के साथ इस मुद्दे पर खुलकर पूरी ईमानदारी से बातचीत की है और सच तो ये है कि अब मैं खुद को एक और महीने के लिए होटलों में बन नहीं रख सकता और ना ही मैं अपनी पूरी क्षमता के साथ टेस्ट क्रिकेट खेल पाऊंगा। बाज ने मुझे फोन किया, हमने लंबी बात की और मैंने कहा, ‘माफ करना, मेरा काम हो गया, मैं अब और टेस्ट क्रिकेट नहीं खेल पाऊंगा’। वह ये सारी चीजें समझता है, और मेरी भावनाएं भी जानता है।
टेस्ट क्रिकेट आपसे कड़ी मेहनत करवाता है। मैं अब 35 साल का हूं और मुझे अभी सीमित ओवरों के क्रिकेट को बहुत कुछ देना है। मैं अपने क्रिकेट का आनंद लेना चाहता हूं और अपने फैसले को उलट देना और फिर खेल के सभी प्रारूपों में अपना सब कुछ देने के लिए संघर्ष करना उचित नहीं होगा। यह मेरे टेस्ट करियर के दरवाजे को बंद करने का समय है। इंग्लैंड के लिए 64 टेस्ट खेलना सौभाग्य की बात है, और मेरा सपना पूरा हो चूका है।”