DC कैंप से जुड़ते ही सौरव गांगुली ने पृथ्वी शॉ की टीम इंडिया में वापसी के लिए पैरवी शुरू कर दी! - क्रिकट्रैकर हिंदी

DC कैंप से जुड़ते ही सौरव गांगुली ने पृथ्वी शॉ की टीम इंडिया में वापसी के लिए पैरवी शुरू कर दी!

पृथ्वी शॉ आगामी आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) का प्रतिनिधित्व करते हुए नजर आएंगे।

Prithvi Shaw and Sourav Ganguly (Image Source: DC Twitter)
Prithvi Shaw and Sourav Ganguly (Image Source: DC Twitter)

दिल्ली कैपिटल्स (DC) के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने पिछले सप्ताह कहा था कि आगामी आईपीएल 2023 पृथ्वी शॉ के लिए ब्लॉकबस्टर सीजन होने वाला है, और अब बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष और DC के क्रिकेट निदेशक सौरव गांगुली ने कहा युवा सलामी बल्लेबाज एक बार फिर से टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार है।

आपको बता दें, पृथ्वी शॉ ने भारत के लिए आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2021 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। हालांकि, घरेलू क्रिकेट में जबरदस्त प्रदर्शन के बाद शॉ को इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू T20I सीरीज के लिए चुना गया था, लेकिन शुभमन गिल को सभी मैचों में मौका दिया गया, जिस कारण उन्हें मौका नहीं मिल पाया था। शॉ ने अब तक भारत के लिए 5 टेस्ट, 6 वनडे और एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।

पृथ्वी शॉ भारत के लिए खेलने के लिए तैयार है: सौरव गांगुली

इस बीच, सौरव गांगुली ने पृथ्वी शॉ को एक बार फिर भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी में देखने के लिए अपना समर्थन दिया है। दिग्गज क्रिकेटर का मानना है कि 23-वर्षीय बल्लेबाज अब राष्ट्रीय टीम में परमानेंट जगह पाने के हकदार है।

सौरव गांगुली ने टाइम्स ऑफ इंडिया के हवाले से कहा: ‘मुझे लगता है कि पृथ्वी शॉ भारत के लिए खेलने के लिए तैयार हैं। शॉ को खेलने का मौका मिलता है या नहीं, यह स्लॉट्स पर निर्भर करेगा। मुझे यकीन है कि रोहित शर्मा और भारतीय चयनकर्ताओं की उन पर कड़ी नजर है। वह अच्छा खिलाड़ी है और अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए तैयार हैं।’

आपको बता दें, पृथ्वी शॉ आगामी आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए कप्तान डेविड वार्नर के साथ ओपनिंग करते हुए नजर आएंगे। वार्नर को ऋषभ पंत की अनुपस्थिति में दिल्ली का कप्तान नियुक्त किया गया है। दिल्ली कैपिटल्स (DC) अपने आईपीएल 2023 अभियान की शुरुआत 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ लखनऊ में करेगी।

close whatsapp