सौरव गांगुली ने अजीत अगरकर की अगुवाई वाली सेलेक्शन कमिटी को दी अहम सलाह, कहा- 21 साल के जायसवाल वर्ल्ड कप टीम में बहुत जरूरी
5 अक्टूबर 2023 से भारत की मेजबानी में खेला जाएगा आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप
अद्यतन - जुलाई 18, 2023 4:51 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने यशस्वी जायसवाल को लेकर बड़ा बयान दिया है। गांगुली का कहना है कि वर्ल्ड कप के लिहाज से बाएं हाथ के यशस्वी जायसवाल बहुत ही जरूरी खिलाड़ी हैं।
गौरतलब है कि जायसवाल इस समय वेस्टइंडीज दौरे पर हैं, और अपने टेस्ट डेब्यू में गांगुली की तरह उन्होंने भी शतकीय पारी खेली थी। तो वहीं इस पारी के बाद यशस्वी जायसवाल के टैलेंट को लेकर क्रिकेट जगत में चर्चा तेज हो गई थी। साथ ही बता दें कि हाल के समय में जायसवाल भारतीय क्रिकेट की बेहतरीन खोजों में से एक रहे हैं।
सौरव गांगुली ने जायसवाल को लेकर कही ये बड़ी बात
बता दें कि द टेलीग्राफ की एक खबर के अनुसार सौरव गांगुली ने यशस्वी जायसवाल को लेकर कहा- डेब्यू में शतक लगाना बहुत बड़ी बात होती है। मैंने ऐसा खुद किया है, तो मुझे पता है कि यह कितना स्पेशल होता है।
यहां तक की शतक के दौरान वह (यशस्वी जायसवाल) तकनीक के नजरिए से भी कुशल नजर आया था। एक बाएं हाथ का बल्लेबाज हमेशा टीम के लिए मददगार साबित होता है। इसलिए, उसका वर्ल्ड कप टीम में होना जरूरी है।
तो वहीं हाल में ही गांगुली ईडन गार्डन मैदान पर वर्ल्ड कप के मैचों के दौरान होने वाली तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। गौरतलब है कि वर्ल्ड कप के लिए ईडन गार्डन की पिच व आउटफील्ड को दोबारा से तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा स्टेडियम में थोड़े बहुत बदलाव फैंस को देखने को मिल सकते हैं।
दूसरी तरफ आपको बता दें कि आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 भारत की मेजबानी में 5 अक्टूबर 2023 से शुरू होने जा रहा है। तो वहीं भारत वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरूआत 8 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले मैच से करेगा।