लीजेंड्स लीग क्रिकेट से सौरव गांगुली ने अपना नाम लिया वापस
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने निजी कारणों की वजह से लीजेंड्स लीग क्रिकेट से अपना नाम वापस ले लिया है।
अद्यतन - सितम्बर 3, 2022 1:26 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने निजी कारणों की वजह से लीजेंड्स लीग क्रिकेट (LLC) से अपना नाम वापस ले लिया है, जिसके चलते अब कोलकाता के ईडन गार्डंस में उनकी वापसी स्थगित हो गई है।
कोलकाता के तमाम प्रशंसक गांगुली के फिर से मैदान पर वापस उतरने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन सूत्रों का मानना है कि अब ऐसा नहीं होगा। बता दें, सौरव गांगुली एकमात्र मुकाबले के लिए इंडियन महाराजास (Indian Maharajas) टीम का नेतृत्व करने वाले थे और उनका मुकाबला विश्व एकादश से होना था जिसकी कप्तानी इयोन मोर्गन को सौंपी गई है लेकिन अब हालिया घटनाक्रम के अनुसार गांगुली इस मुकाबले में भाग नहीं लेंगे।
तमाम प्रशंसक इस टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वो लोग बेहतरीन पूर्व खिलाड़ियों को एक बार फिर से मैदान पर खेलते हुए देखना चाहते हैं। कुल 4 फ्रेंचाइजी टीमों के बीच मुकाबला खेला जाना है। इन चारों फ्रेंचाइजी टीमों की कप्तानी वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, हरभजन सिंह और इरफान पठान कर रहे हैं।
निजी कारणों की वजह से सौरव गांगुली ने अपना नाम लिया वापस
बता दें, भारत के कुल छह शहरों में इन चार टीमों के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। इन चार टीमों के नाम हैं गुजरात जायंट्स जिसकी कप्तानी वीरेंद्र सहवाग कर रहे हैं, इंडिया कैपिटल्स जिसकी कप्तानी गौतम गंभीर कर रहे हैं, मणिपाल टाइगर्स की कप्तानी का जिम्मा हरभजन सिंह को दिया गया है और भीलवाड़ा किंग्स टीम की कप्तानी इरफान पठान को सौंपी गई है।
भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने के अवसर पर BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली को ईडन गार्डंस में एक मुकाबले में हिस्सा लेना था। यह मुकाबला 16 सितंबर 2022 को कोलकाता में खेला जाना है लेकिन इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक सौरव गांगुली ने निजी कारणों की वजह से इस मुकाबले से अपना नाम वापस ले लिया है।
अब जब सौरभ गांगुली इस मुकाबले में खेलते हुए नहीं दिखेंगे तो यह कहना भी सही होगा कि दर्शकों के बीच में उत्साह काफी कम हो जाएगा। हालांकि लोग अभी भी यही दुआ कर रहे होंगे कि सौरव गांगुली इस मुकाबले में खेलने के लिए हामी भर दें, लेकिन अब ऐसा होना संभव नहीं हैं।