CT2025: कराची में अफगानिस्तान का निराशाजनक प्रदर्शन, साउथ अफ्रीका ने जीत के साथ की टूर्नामेंट में शुरुआत - क्रिकट्रैकर हिंदी

CT2025: कराची में अफगानिस्तान का निराशाजनक प्रदर्शन, साउथ अफ्रीका ने जीत के साथ की टूर्नामेंट में शुरुआत

मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने 107 रनों से जीत दर्ज की

South Africa Team (Pic Source-X)
South Africa Team (Pic Source-X)

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में साउथ अफ्रीका ने धमाकेदार तरीके से अपनी शुरुआत की है। आज यानी 21 फरवरी को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का शानदार मैच साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच में खेला गया। इस मैच को साउथ अफ्रीका ने 107 रन से अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रोटियाज ने 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 315 रन बनाए।

टीम की ओर से युवा सलामी बल्लेबाज रयान रिकेल्टन ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए सात चौके और एक छक्के की मदद से 103 रन की मैच विनिंग पारी खेली। रिकेल्टन के अलावा कप्तान टेम्बा बावुमा ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 58 रन का योगदान दिया।

बावुमा ने अपनी इस पारी के दौरान पांच चौके जड़े। वहीं रासी वैन डर डुसेन ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 52 रन बनाए। एडन मार्करम ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 52* रन का योगदान दिया। अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद नबी ने 10 ओवर में 51 रन देकर 2 विकेट झटके।

अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने किया निराश

लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान टीम के लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे। हालांकि, अनुभवी बल्लेबाज रहमत शाह ने 90 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। उन्होंने एक छोर से रन बनाना जारी रखा। उन्हें अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला, जिसकी वजह से अफगानिस्तान को हार का सामना करना पड़ा। पूरी टीम 208 रन पर ढेर हो गई।

रहमत शाह के अलावा राशिद खान ने 18 रन बनाए, जबकि अजमतुल्लाह उमरजई ने भी 18 रन का योगदान दिया। साउथ अफ्रीका की ओर से सभी गेंदबाजों ने अपनी भूमिका काफी अच्छी तरह से निभाई।

साउथ अफ्रीका को अब अपना अगला मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 25 फरवरी को रावलपिंडी के रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेलना है। अफगानिस्तान की बात की जाए तो उन्हें अब अपना अगला मैच 26 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ लाहौर की गद्दाफी स्टेडियम में खेलना है।

close whatsapp