राशिद खान की दरियादिली तो देखिए, विराट के लिए लिखा एक स्पेशल पोस्ट!
अफगानिस्तान के खिलाफ ही विराट कोहली ने लगाया था अपना 71वां इंटरनेशनल शतक।
अद्यतन - सितम्बर 10, 2022 5:17 अपराह्न

एशिया कप 2022 के सुपर 4 में अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टी-20 शतक जड़ा। बता दें, सभी प्रारूपों को मिलाकर यह कोहली का 71वां अंतरराष्ट्रीय शतक है।
कोहली ने इससे पहले अपना आखिरी शतक नवंबर 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ शतक जड़ा था। इसी के साथ, अफगानिस्तान के बेहतरीन स्पिनर राशिद खान ने विराट कोहली की जमकर तारीफ की है। राशिद भी इसी मुकाबले में खेल रहे थे और विराट कोहली ने उनकी गेंदबाजी के खिलाफ भी बेहतरीन बल्लेबाजी की।
राशिद खान ने कोहली की तारीफ करते हुए अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि, ‘एशिया कप के इस सत्र में अपने देश का प्रतिनिधित्व करना सम्मान की बात थी। प्रशंसकों ने हमें बहुत प्यार और सम्मान दिया। मैं खासतौर पर विराट कोहली को उनके पहले अंतरराष्ट्रीय टी-20 शतक के लिए बधाई देना चाहता हूं, साथ ही पाकिस्तान और श्रीलंका को भी फाइनल के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।’
एशिया कप के फाइनल में अपनी जगह नहीं बना पाई भारतीय टीम
विराट कोहली ने अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में 12 चौके और 6 छक्के जड़े। उनकी इस शानदार बल्लेबाजी की वजह से भारत ने अफगानिस्तान को 101 रन से मात दिया। मुकाबले के बाद भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने विराट कोहली को लेकर कहा था कि वो काफी समय से अपना 71वां अंतरराष्ट्रीय शतक बनाने को देख रहे थे। शर्मा को इस बात की भी खुशी है कि कोहली अब अपने शानदार फॉर्म में वापस आ चुके हैं।
यह भारत की सुपर 4 में पहली जीत थी। इससे पहले उनको पाकिस्तान और श्रीलंका ने मात दी थी। अफगानिस्तान और भारत दोनों ने ग्रुप स्टेज में काफी शानदार प्रदर्शन किया था लेकिन सुपर 4 में दोनों ही टीमों का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है।
एशिया कप 2022 का फाइनल श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच 11 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। हाल ही में संपन्न हुए सुपर 4 के आखिरी मैच में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 5 विकेट से मात दी। अब देखते हैं इस बार कौन एशिया कप अपने नाम करता है।