महेश तीक्षणा को श्रीलंकाई सेना द्वारा सार्जेंट के पद पर किया गया पदोन्नत
श्रीलंका क्रिकेट टीम अपने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 अभियान की शुरुआत 16 अक्टूबर को नामीबिया के खिलाफ करेगी।
अद्यतन - Sep 21, 2022 5:59 pm

श्रीलंका के मिस्ट्री स्पिनर महेश तीक्षणा को लेफ्टिनेंट जनरल विकम लियानागे द्वारा श्रीलंकाई सेना में सार्जेंट के पद पर पदोन्नत किया गया है। आपको बता दें, 22-वर्षीय क्रिकेटर को खेल के क्षेत्र में बेहतरीन उपलब्धियों के आधार पर पदोन्नत किया गया है। महेश तीक्षणा ने हाल ही में श्रीलंका क्रिकेट टीम को एशिया कप 2022 का खिताब जीतने में मदद की थी।
कमांडर ने सेना मुख्यालय में कई महिला और पुरुष खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए प्रशंसात्मक प्रशस्ति पत्र और नकद प्रोत्साहन दिया। महेश तीक्षणा के अलावा, टीटी अल्गामा, केबीवाई डी सिल्वा और एमएआईजे परेरा, जो एशियाई नेटबॉल चैंपियनशिप जीतने वाली श्रीलंकाई राष्ट्रीय नेटबॉल टीम के सदस्य हैं, को भी प्राइवेट से कॉर्पोरल के पद पर पदोन्नत किया गया हैं।
श्रीलंकाई सेना ने देश के खिलाड़ियों को किया सम्मानित
इस बीच, एशियाई बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाले बॉडी बिल्डर लांस कॉर्पोरल आरएडीपी राजपक्षे को कॉर्पोरल के पद पर पदोन्नत किया गया है।
इस सम्मान समारोह में मेजर जनरल डब्ल्यूएएसएस वानासिंघे आरएसपी यूएसपी एनडीयू, कमांडर, सुरक्षा बल मुलैत्तिवु, मेजर जनरल डब्ल्यूबीएसएम अबेसेकेरा आरएसपी यूएसपी, महानिदेशक वित्तीय प्रबंधन और ब्रिगेडियर केएडब्ल्यूएनएच भंडारनायके यूएसपी, निदेशक, आर्मी स्पोर्ट्स उपस्थित थे।
आपको बता दें, महेश तीक्षणा को अगले साल जनवरी में खेली जाने वाली SA20 लीग के लिए जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स द्वारा चुना गया है। उन्होंने अब तक श्रीलंका के लिए 2 टेस्ट, 9 वनडे और 24 T20I मैच खेले हैं, जिसमें क्रमशः 5, 10 और 22 विकेट चटकाएं है, वहीं T20 क्रिकेट में 73 मैचों में 80 विकेट लिए हैं। 22-वर्षीय स्पिनर इस समय आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए तैयारी कर रहे हैं।
श्रीलंका क्रिकेट टीम अपने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 अभियान की शुरुआत 16 अक्टूबर को नामीबिया के खिलाफ करेगी, जिसके बाद उनका सामना 18 अक्टूबर को यूएई से होगा और टूर्नामेंट में अपने अंतिम ग्रुप मैच में वे नीदरलैंड से 20 अक्टूबर को भिड़ेंगे। उन्हें सुपर-12 के लिए क्वालीफाई करने के लिए दो मैच जीतने होंगे।