श्रीलंका ने इंग्लैंड दौरे के लिए इयान बेल को नियुक्त किया बैटिंग कोच
श्रीलंका क्रिकेट ने बताया कि इयान बेल 16 अगस्त से टीम के साथ जुड़ेंगे और तीन टेस्ट मैचों की सीरीज समाप्त होने तक तक टीम के साथ रहेंगे।
अद्यतन - Aug 13, 2024 8:32 pm

श्रीलंका ने पूर्व इंग्लिश बल्लेबाज इयान बेल को 21 अगस्त से शुरू हो रहे इंग्लैंड दौरे के लिए बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया है। वे दौरा समाप्त होने तक टीम के साथ रहेंगे। इसकी जानकारी श्रीलंका क्रिकेट ने दी और बताया कि इयान बेल 16 अगस्त से टीम के साथ जुड़ेंगे। वह तीन टेस्ट मैचों की सीरीज समाप्त होने तक तक टीम के साथ रहेंगे।
बता दें कि, पिछले काफी समय से ऐसी रिपोर्ट सामने आ रही थी कि इंग्लैंड दौरे से पहले श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड किसी अनुभवी को अपना बल्लेबाजी कोच नियुक्त कर सकता है। अब इस दौरे के शुरू होने से पहले टीम ने इयान बेल को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इयान बेल को उन्हें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में भी गिना जाता है और उनके पास टेस्ट क्रिकेट का काफी अनुभव है।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के CEO एशले डी सिल्वा ने कहा, ‘हमने इयान को इसलिए नियुक्त किया है, ताकि खिलाड़ियों को वहां की परिस्थितियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सके। इयान को इंग्लैंड में खेलने का काफी अनुभव है और हमें विश्वास है कि उनके इनपुट से इस महत्वपूर्ण दौरे में हमारी टीम को मदद मिलेगी।’
यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 के लिहाज से दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। श्रीलंका (50 अंक) WTC की अंक तालिका में चौथे स्थान पर है, जबकि इंग्लैंड (36.54 अंक) 6वें स्थान पर है।
इयान बेल को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है
बता दें, इयान बेल ने इंग्लैंड की ओर से खेलते हुए 205 टेस्ट पारियों में 42.69 की बेहतरीन औसत से 7,727 रन बनाए हैं। उनके नाम 46 अर्धशतक और 22 शतक हैं। इयान बेल का प्रदर्शन फर्स्ट क्लास में भी काफी अच्छा रहा है और उन्होंने 524 पारी में 20,000 से अधिक रन बनाए हैं।
इयान बेल के साथ सबसे अच्छी बात यह है कि इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज परिस्थितियों को भलीभांति जानते-समझते हैं। इससे श्रीलंका को काफी फायदा हो सकता है। हाल ही में श्रीलंका ने भारत के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज को 2-0 से अपने नाम किया था।