श्रीलंका के आगे बेबस दिखी ऑस्ट्रेलियाई टीम, मेजबान ने वनडे सीरीज में किया क्लीनस्वीप - क्रिकट्रैकर हिंदी

श्रीलंका के आगे बेबस दिखी ऑस्ट्रेलियाई टीम, मेजबान ने वनडे सीरीज में किया क्लीनस्वीप

इस शानदार मैच में श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 174 रन से हराया।

SriLanka Team (Pic Source-X)
SriLanka Team (Pic Source-X)

आज यानी 14 फरवरी को श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा और अंतिम वनडे मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 174 रनों से एकतरफा जीत हासिल की। श्रीलंका के लिए बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजनों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

मुकाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में चार विकेट खोकर 281 रन बनाए। टीम की ओर से विकेटकीपर-बल्लेबाज कुसल मेंडिस ने काफी अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 11 चौकों की मदद से 101 रन बनाए। मेंडिस के अलावा निशान मदुष्का ने भी काफी अच्छी बल्लेबाजी की और चार चौके व एक छक्के की मदद से 51 रनों की बहुमूल्य पारी खेली।

कप्तान चरिथ असलंका ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया और 66 गेंद में छह चौके और तीन छक्कों की मदद से 78* रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से सीन एबॉट ने 10 ओवर में 41 रन देकर एक विकेट झटका।

श्रीलंका ने वनडे सीरीज में किया व्हाइटवॉश

लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम महज 107 रन पर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से इस मैच में कप्तान स्टीव स्मिथ ने सर्वोच्च स्कोर बनाया और 29 रनों की पारी खेली। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान के अलावा जोस इंग्लिस ने 22 रन बनाए, जबकि ट्रेविस हेड ने 18 रन का योगदान दिया।

इन तीन खिलाड़ियों के अलावा कोई भी मेहमान बल्लेबाज 10 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। श्रीलंका की ओर से सभी गेंदबाजों ने अपनी भूमिका काफी अच्छी तरह से निभाई। इससे पहले इन दोनों टीमों के बीच खेले गए पहले वनडे को भी श्रीलंका ने अपने नाम किया था। इस तरह दो मैचों की वनडे सीरीज को श्रीलंका ने 2-0 से अपने नाम किया।

 

 

close whatsapp