SL vs AUS: गॉल में स्टीव स्मिथ ने रच दिया इतिहास, जड़ा टेस्ट करियर का अपना 36वां शतक
स्टीव स्मिथ इस समय जबरदस्त फॉर्म में है। उन्होंने पिछले पांच टेस्ट में चार शतक बनाए हैं।
अद्यतन - Feb 7, 2025 5:19 pm

श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट मैच गॉल में खेला जा रहा है। मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज और इस सीरीज में टीम की कप्तानी कर रहे स्टीव स्मिथ ने बेहतरीन बल्लेबाजी का नजारा पेश किया और शतक जड़ दिया।
बता दें कि, स्टीव स्मिथ ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 141 रन बनाए थे। अब दूसरे टेस्ट की पहली पारी में भी अनुभवी बल्लेबाज ने 191 गेंदों में अपना शतक पूरा किया है। यह स्मिथ का टेस्ट में 36वां शतक है, जबकि कप्तान के रूप में उन्होंने अभी तक 17 शतक बनाए हैं। एशिया में बेहतरीन बल्लेबाज का 7वां शतक है।
स्टीव स्मिथ इस समय जबरदस्त फॉर्म में है और उन्होंने पिछले पांच टेस्ट में चार शतक बनाए हैं। इसके साथ ही स्मिथ ने एलेक्स केरी के साथ अभी तक चौथे विकेट के लिए 100 से अधिक रनों की साझेदारी कर ली है।
श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 257 रन बनाए
श्रीलंका टीम की बात की जाए तो उन्होंने अपनी पहली पारी में 257 रन बनाए। टीम की ओर से अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चंडीमल ने 74 रनों की पारी खेली, जबकि विकेटकीपर-बल्लेबाज कुसल मेंडिस ने 85* रनों का योगदान दिया।
रमेश मेंडिस ने 28 रन बनाए, जबकि अपना अंतिम अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मैच खेल रहे Dimuth Karunaratne 36 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन लियोन, मिचेल स्टार्क और Matthew Kuhnemann ने 3-3 विकेट हासिल किए हैं।
फिलहाल ऑस्ट्रेलिया काफी मजबूत स्थिति में है और उसने मेजबान के खिलाफ बढ़त बना रखी है। टीम की ओर से इस मैच में उस्मान ख्वाजा ने 36 रन बनाए, जबकि ट्रेविस हेड 21 रन बनाकर आउट हो गए। मार्नस लाबुशेन एक बार फिर से बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे और चार रन बनाकर आउट हो गए।
दो मैच की टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया 1-0 से आगे है। पहले मैच को ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के खिलाफ एक पारी और 242 रन से जीत दर्ज की थी। यह देखना बेहद जरूरी होगा कि श्रीलंका अब इस दूसरे टेस्ट में कैसे वापसी करती है?