पाकिस्तान के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज में स्टीव स्मिथ के स्थान पर ऑस्ट्रेलिया की टीम में शामिल होगा यह खिलाड़ी
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच आगामी वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 29 मार्च को खेला जायेगा।
अद्यतन - मार्च 26, 2022 3:40 अपराह्न

पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 25 मार्च को समाप्त हो चुकी है जिसमें मेहमान टीम ने 115 रनों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। ऑस्ट्रेलिया की टीम अब पाकिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी, जो 29 मार्च से शुरू होगी। वहीं कंगारू टीम में आगामी सीमित ओवरों की सीरीज के लिए कुछ बदलाव भी हुए हैं।
वनडे सीरीज के बाद एक टी-20 मैच में भी दोनों टीमें आमने-सामने होंगी, जो 5 अप्रैल को खेला जायेगा। आगामी सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज स्टीव स्मिथ अपनी कोहनी की चोट के कारण टीम का हिस्सा नहीं होंगे, पिछले साल उनको कोहनी की चोट लगी थी। उनके स्थान पर मिचेल स्वेप्सन को टीम में शामिल को शामिल किया गया है। हालांकि उन्होंने अभी तक एकदिवसीय मुकाबले में अपना पदार्पण नहीं किया है।
स्मिथ ने अपने करियर में ऑस्ट्रेलिया के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने अभी तक ऑस्ट्रेलिया के लिए कुल 128 एकदिवसीय मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 43.3 के औसत से 4378 रन बनाये हैं। वहीं टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने केवल 85 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने सबसे तेज 8000 रन बनाये हैं।
“हमने मिचेल स्वेप्सन को लिमिटेड ओवर्स टीम में शामिल करने का फैसला किया है”- जॉर्ज बेली
ऑस्ट्रेलियाई टीम के चेयरमैन ऑफ सिलेक्टर्स जार्ज बेली का टाइम्स ऑफ इंडिया पर छपे बयान के अनुसार उन्होंने बताया कि “हमने मिचेल स्वेप्सन को आगामी सीमित ओवरों की सीरीज के लिए टीम में शामिल करने का फैसला किया है। क्योंकि स्वेप्सन गेंदबाजी क्रम में भी एक अतिरिक्त विकल्प के रूप में काम करेंगे। पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के खेलने के बाद वह परिस्थितियों से परिचित हैं।”
इसके अलावा क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चिकित्सा प्रबंधक कोंटोरिस ने स्मिथ की चोट को लेकर कहा “पिछले साल स्मिथ की कोहनी की चोट को देखते हुए हमने उन्हें क्रिकेट से दूर रखना उचित समझा। हमने उसे वापस लाने का फैसला किया क्योंकि वह उनके फिट होने के लिए एक उपाय था। लेकिन अब हम सुनिश्चित कर सकते हैं कि यह चोट और ज्यादा न बढे़।”
वनडे और टी-20 के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम:
आरोन फिंच (कप्तान), सीन एबॉट, एश्टन एगर, जेसन बेहरनडोर्फ, एलेक्स कैरी, बेन ड्वारशइस, नेथन एलिस, कैमरुन ग्रीन, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिश, मार्नस लाबुशाने, मिचेल मार्श, बेन मैक्डरमोट, मार्कस स्टोइनिस, मिशेल स्वेप्सन, एडम जम्पा।