मोहन बागान की जर्सी पहने हुए फैंस को स्टेडियम में प्रवेश न मिलने पर KKR मैनेजमेंट पर जमकर भड़के देबाशीश दत्ता कहा- फैसले की कड़ी निंदा करता हूं
लखनऊ ने प्रसिद्ध फुटबाॅल क्लब को अपनी मरून और हरे रंग की जर्सी ट्रिब्यूट की थी।
अद्यतन - मई 21, 2023 11:24 अपराह्न

आईपीएल के जारी 16वें सीजन का 68वां मैच कल 20 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला गया। बता दें कि इस मैच को लखनऊ ने रोमांचक तरीके से 1 रन से जीतकर प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लिया है।
तो वहीं यह मैच लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए काफी खास था, क्योंकि इस मैच में एलएसजी के खिलाड़ी प्रसिद्ध फुटबाॅल क्लब एटीके मोहन बागान के सम्मान में एक विशेष प्रकार की जर्सी पहने हुए नजर आए थे, जो हरे और मरून रंग से बनी हुई थी।
हालांकि, ईडन गार्डन पर हुए इस मैच में एक ऐसी भी घटना ने तूल पकड़ा जो खेल के नजरिए से बिल्कुल भी सहीं नहीं है। बताया जा रहा है कि केकेआर मैनेजमेंट ने मोहन बागान फुटबाॅल क्लब की जर्सी पहने हुए कुछ क्रिकेट फैंस को स्टेडियम में प्रवेश नहीं करने दिया था। दूसरी ओर इस मामले पर क्लब के जनरल सेकेट्ररी देबाशीश दत्ता ने केकेआर मैनेजमेंट पर जमकर भड़ास निकाली है।
देबाशीश दत्ता केकेआर मैनेजमेंट पर जमकर बरसे
बता दें कि देबाशीश ने एक प्रेस रिलीज के माध्यम से कहा- मोहन बागान के समर्थकों के लिए यह एक विशेष मैच था क्योंकि एलएसजी ने एक नई हरी और मरून रंग की जर्सी पहन रखी थी। लेकिन, केकेआर मैनेजमेंट ने मोहन बागान के समर्थकों (जो केकेआर और एलएसजी के फैंस हैं) की स्वतंत्रता को कम कर दिया, क्योंकि वह मोहन बागान की जर्सी पहन कर स्टेडियम में प्रवेश करना चाहते थे।
दत्ता ने आगे कहा- मोहन बागान क्लब केकेआर मैनेजमेंट की कड़ी निंदा करता है क्योंकि उनके फैसले ने नेशनल क्लब ऑफ इंडिया का अनादर किया है व हमारे फैंस की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। यह एक व्यक्ति का अधिकार है कि वह उस टीम की जर्सी पहने और उसका समर्थन करे जिसे वह प्यार करता है। किसी की पसंद में दखल देने का किसी को कोई अधिकार नहीं हैं।