इधर दुनिया IPL में व्यस्त हैं उधर स्टुअर्ट ब्रॉड एशेज सीरीज के लिए मास्टर प्लान बना रहे हैं
स्टुअर्ट ब्रॉड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 35 टेस्ट मुकाबलों में 29.05 के औसत से 131 विकेट झटके हैं। ब्रॉड टेस्ट क्रिकेट में 600 विकेट लेने वाले पांचवें गेंदबाज बन सकते हैं।
अद्यतन - अप्रैल 24, 2023 9:17 अपराह्न

इंग्लैंड के सीनियर तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड एक खास डिलीवरी पर काम कर रहे हैं ताकि वो ऑस्ट्रेलिया की बेहतरीन जोड़ी स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन को जल्द से जल्द आउट कर सकें। बता दें, स्टुअर्ट ब्रॉड इस समय काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन 1 में नॉटिंघमशायर की ओर से खेल रहे हैं।
स्टुअर्ट ब्रॉड ने दो मुकाबलों में 22.44 के औसत से 9 विकेट झटके हैं। उन्होंने अभी तक काउंटिंग डिवीजन 1 में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। हाल ही में स्टुअर्ट ब्रॉड ने रिपोर्टर को बताया कि, ‘मैं केविन शाइन के साथ लोड-अप में काफी काम कर रहा हूं। वो हमारे गेंदबाज़ी कोच है। अपने गेंदबाजी एक्शन को थोड़ा और बेहतर करने के लिए काफी काम कर रहा हूं। अपने हाथ को थोड़ा और ऊपर उठा रहा हूं ताकि गेंद थोड़ी और तेज गति से निकले। शाइन भी मेरा काफी साथ दे रहे हैं।’
मैं आउटस्विंग गेंदों पर काफी काम कर रहा हूं: स्टुअर्ट ब्रॉड
स्टुअर्ट ब्रॉड ने आगे कहा कि, ‘मुझे देखकर काफी खुशी महसूस हो रही है कि पिछले हफ्ते मैंने काफी अच्छी गेंदें फेंकी जिसपर कैमरन बैनक्रॉफ्ट आउट हो गए। दाएं हाथ के बल्लेबाजों को गेंद काफी स्विंग हो रही है जिसको देखकर मैं काफी खुश हूं। मैं एक नई तरीके की आउटस्विंग गेंद फेंकने का अभ्यास कर रहा हूं।
यह स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन के लिए है। इसके पीछे का कारण यह है कि मैं अपनी गेंदबाजी में थोड़ा बदलाव चाहता हूं। ऑस्ट्रेलिया टीम के बल्लेबाज काफी अच्छी तरह से स्विंग खेलते हैं। मैं यही चाहता हूं कि इस बार एशेज सीरीज में मैं अच्छा प्रदर्शन करूं और अपनी टीम को जीत दिलाऊं।’
बता दें, स्टुअर्ट ब्रॉड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 35 टेस्ट मुकाबलों में 29.05 के औसत से 131 विकेट झटके हैं। ब्रॉड टेस्ट क्रिकेट में 600 विकेट लेने वाले पांचवें गेंदबाज बन सकते हैं। उन्होंने अभी तक 576 विकेट टेस्ट क्रिकेट में झटके हैं और अगर वो 24 विकेट हासिल कर लेते हैं तो वो इस उपलब्धि को अपने नाम कर सकते हैं।