सुनील गावस्कर टीम इंडिया

SA v IND: “भारत आसानी से जीत जाएगा केपटाउन टेस्ट”- पूर्व भारतीय दिग्गज ने किया दावा

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहली पारी में टीम इंडिया 153 रनों पर सिमट गई।

SA vs IND (Pic Source-Twitter)
SA vs IND (Pic Source-Twitter)

भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया जीत दर्ज करेगी। उन्होंने बताया कि, दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका की टीम पहले ही तीन विकेट गंवा चुकी है और बाकी बचे हुए बल्लेबाज भारत के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर तक टिक नहीं पाएंगे।

बुधवार, 3 जनवरी को केपटाउन में डीन एल्गर के पहले बल्लेबाजी करने के फैसले के बाद भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 55 रन पर ऑलआउट कर दिया। हालांकि, इसके बाद अफ्रीकी गेंदबाजों ने भी रोहित शर्मा एंड कंपनी को 153 रन पर आउट कर दिया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने दिन का खेल खत्म होने तक अफ्रीकी टीम को दूसरी पारी में 62/3 पर रोक दिया। अफ्रीकी टीम अभी भी 36 रन से पीछे है और उनके सात विकेट शेष हैं।

दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों को लेकर सुनील गावस्कर ने दिया बड़ा बयान

स्टार स्पोर्ट्स पर एक चर्चा के दौरान, गावस्कर से पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद इस मैच को लेकर उनके विचारों के बारे में पूछा गया। इसका उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि, “तीन विकेट पहले ही गिर चुके हैं। भारत के पास अभी भी बढ़त है। इसलिए मुझे नहीं लगता कि यह मैच भारत की पकड़ से बाहर जा सकता है। हां, यह पारी की जीत नहीं हो सकती है।”

पूर्व भारतीय कप्तान ने आगे कहा कि, “उन्हें (भारत को) थोड़ी बल्लेबाजी करनी पड़ सकती है लेकिन मुझे नहीं लगता कि दक्षिण अफ्रीका के पास ऐसे बल्लेबाज हैं जो 150-200 रन बना सकते हैं और भारतीय टीम को थोड़ा परेशान कर सकते हैं।”

आपको बता दें कि इस वक्त एडन मार्करम (36*) और डेविड बेडिंघम (7*) दक्षिण अफ्रीका के लिए क्रीज पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इसके बाद बल्लेबाजी के विकल्प के रूप में उनके पास विकेटकीपर-बल्लेबाज काइल वेरेन और ऑलराउंडर मार्को जेनसेन हैं और फिर केशव महाराज, कगिसो रबाडा, नांद्रे बर्गर और लुंगी एनगिडी के रूप में चार स्पेशलिस्ट गेंदबाज हैं।

यह भी पढ़ें: आपको मिलाते हैं ‘एक्टर’ विराट कोहली से

close whatsapp