भारत-पाक मैच से ठीक पहले कप्तान रोहित और बाकी खिलाड़ियों पर भड़के सुनील गावस्कर
गावस्कर ने कहा कि प्रैक्टिस सेशन का विकल्प देना कप्तान और कोच पर छोड़ देना चाहिए।
अद्यतन - अक्टूबर 22, 2022 1:31 अपराह्न

टी-20 वर्ल्ड कप सुपर 12 राउंड 2 के अपने पहले मैच में टीम इंडिया का सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से रविवार को होगा। दोनों टीमो के बीच यह मुकाबला ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्रांउड में खेला जाएगा। इस महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले शुक्रवार को टीम इंडिया द्वारा एक ‘वैकल्पिक अभ्यास’ सत्र रखा गया।
बता दें कि इस ‘वैकल्पिक अभ्यास’ सत्र में टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ियों ले भाग लिया, जबकि कुछ खिलाड़ी इस प्रैक्टिस सेशन में नहीं आए। इसी को लेकर टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने टीम के खिलाड़ियों को अब खरी-खोटी सुनाई है। गावस्कर ने आगे कहा कि प्रैक्टिस सेशन में किसे आना चाहिए और किसे नहीं, इस बात का फैसला कप्तान और कोच पर छोड़ देना चाहिए।
टीम इंडिया के खिलाड़ियों पर भड़के सुनील गावस्कर
पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने इंडिया टुडे को दिए अपने इंटरव्यू में कहा कि ‘प्रैक्टिस सेशन का विकल्प देना कप्तान और कोच पर छोड़ देना चाहिए। और विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले खिलाड़ियों को अभ्यास न करने का विकल्प ‘नहीं-नहीं’ होना चाहिए।
उन्होनें अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि “मुझे नहीं पता कि यह आपको क्या बताता है, लेकिन यह कुछ ऐसा है जिससे मैं सहमत नहीं हूं क्योंकि टूर्नामेंट की शुरुआत में, जब आपका मैच था (वार्म-अप मैच) वो बारिश में धुल गया, लेकिन जब आप मेलबर्न आए हैं और एक दिन की छुट्टी ली है और फिर अगले दिन, आप अभ्यास नहीं करने का विकल्प चुनते हैं?”
बता दें कि मेलबर्न में होने वाले अपने पहले मैच से पहले शुक्रवार को ‘वैकल्पिक अभ्यास’ सत्र से ज्यादातर वह खिलाड़ी गायब थे जिनके प्लेइंग इलेवन में शामिल होने के चांस ज्यादा है। इस प्रैक्टिस सेशन में भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली, हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, युजवेंद्र चहल, केएल राहुल और कुछ अन्य खिलाड़ी नहीं नजर आए, इसी पर सुनील गावस्कर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
वहीं दूसरी तरफ कप्तान रोहित शर्मा, विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक, तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और मोहम्मद शमी, ऑलराउंडर अक्षर पटेल, दीपक हुड्डा और रिजर्व खिलाड़ी शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज मुख्य कोच राहुल द्रविड़ की देखरेख में पसीना बहा रहे थे। गावस्कर ने कहा कि, ‘दिन के अंत में, जो अभ्यास के लिए बाहर नहीं आए, वे मैच विजेता बन सकते हैं। लेकिन आप एक टीम के रूप में एक लय मे रहना चाहते हैं।’