‘राहुल द्रविड़ कोच हैं फिर भी….’ सुनील गावस्कर ने टीम इंडिया के हेड कोच पर उठाए सवाल
बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने फील्डिंग में काफी खराब प्रदर्शन किया था।
अद्यतन - Dec 26, 2022 10:01 am

मीरपुर के शेरे बांग्ला स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में फील्डिंग के मामले में टीम इंडिया का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने स्लिप में कई कैच छोड़े और इसी को लेकर पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने अपनी निराशा व्यक्त की है। तीसरे दिन, लिटन दास, जिन्होंने मेजबान टीम के लिए दूसरी पारी में सर्वाधिक 73 रन बनाए, उनका कैच विराट कोहली ने स्लिप में दो बार ड्रॉप किया।
हालांकि कोहली ने जो कैच छोड़े वो काफी कठिन थे लेकिन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से सभी इस तरह की कैच लेने की उम्मीद करते हैं। कोहली ने इस पारी में पहला कैच बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल की गेंदबाजी पर छोड़ा था, जबकि दूसरा कैच सीनियर ऑफ स्पिनर आर अश्विन की गेंद पर। इस बीच, गावस्कर ने भारतीय टीम की फील्डिंग को लेकर निराशा व्यक्त करते हुए अहम प्रतिक्रिया दी है।
सुनील गावस्कर ने भारतीय फील्डिंग पर उठाए सवाल
सुनील गावस्कर ने कमेंट्री के दौरान कहा कि, “भारतीय फील्डर घुटनों पर हाथ रखकर सीधे खड़े होते हैं। यह देखना काफी हैरानी भरा है। उनके कोच राहुल द्रविड़ हैं और उन्होंने 200 से अधिक कैच लपके हैं। वह ऐसा करने वाले एकमात्र भारतीय हैं लेकिन टीम इंडिया के फील्डर सही पोजीशन में नहीं खड़े होते।”
यह इस तरह की खराब फील्डिंग के कारण ही बांग्लादेश अंत में 231 रन बना पाया और टीम इंडिया के सामने 145 रनों का लक्ष्य रखा। वहीं जब टीम इंडिया लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो मेहमान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान केएल राहुल यहां भी फ्लॉप रहे और महज 2 रन बनाकर शाकिब अल हसन का शिकार बने।
इसके अलावा बांग्लादेशी स्पिनरों ने टॉप ऑर्डर में पुजारा और कोहली को भी पवेलियन भेज दिया। बांग्लादेश ने अपने गेंदबाजों के बदौलत लगभग इस मैच को अपने नाम कर लिया था। लेकिन अक्षर पटेल ने 26 रन बनाकर पारी संभाली। उनके अलावा रविचंद्रन अश्विन ने नाबाद 42 और श्रेयस अय्यर ने नाबाद 29 रन बनाकर भारत को 3 विकेट से जीत दिलाई।