SRH Playoff Scenario आईपीएल 2025 के लिए

SRH Playoff Scenario: मुश्किल है पर नामुमकिन नहीं, अभी भी हैदराबाद पहुंच सकती है प्लेऑफ में, जानें कैसे

सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल 2025 में 7वीं हार का सामना गुजरात टाइटंस के हाथों करना पड़ा।

SRH vs MI (Image Credit- Twitter X)
SRH vs MI (Image Credit- Twitter X)

पैट कमिंस की अगुवाई वाली सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन आईपीएल 2025 में बेहद निराशाजनक रहा है। टीम ने अभी तक खेले 10 मैचों में 7 गंवाए हैं और 3 में ही उन्हें जीत मिली है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में टीम को इस सीजन सातवीं हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में गुजरात ने हैदराबाद को 38 रनों से पटखनी दी।

गुजरात से मिली हार के बाद टीम आईपीएल 2025 पॉइंट्स टेबल में 9वें पायदान पर मौजूद है। हालांकि इस हार के बावजूद सनराइजर्स हैदराबाद की टीम IPL 2025 की प्लेऑफ की रेस से बाहर नहीं हुई है। जी हां, सनराइजर्स हैदराबाद अधिकारिक रूप से अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी है, आईए जानते हैं कि कैसे उनकी टीम यहां से प्लेऑफ में पहुंच सकती है।

SRH कैसे पहुंच सकती है IPL 2025 के प्लेऑफ में?

सनराइजर्स हैदराबाद ने IPL 2025 में अभी तक कुल 10 मैच खेले हैं जिसमें 3 में उन्हें जीत मिली है, वहीं 7 में हार का सामना करना पड़ा है। टीम के खाते में फिलहाल 6 पॉइंट्स हैं और उनका नेट रन रेट -1.192 का है। अगर SRH को प्लेऑफ में पहुंचना है तो उन्हें सबसे पहले अपने बचे हुए सभी चार मैच जीतने होंगे। अगर हैदराबाद की टीम सभी मैच जीतने में कामयाब रहती है तो उनके खाते में कुल 14 अंक हो जाएंगे।

हालांकि 14 अंक होने के बाद भी टीम को डायरेक्ट एंट्री नहीं मिलेगी। इसके बाद उन्हें दूसरी टीमों के रिजल्ट पर निर्भर रहना होगा। IPL 2025 पॉइंट्स टेबल में अभी मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीमें 14-14 अंकों पर हैं, वहीं इतने ही अंकों तक पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जाएंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की भी टीमें पहुंच सकती है।

सनराइजर्स हैदराबाद को दुआ करनी होगी कि यहां से जो टीमें लीग स्टेज के अंत तक टॉप-4 में रहे उनमें से कोई टीम 14 अंकों तक ही अटक जाए। हालांकि अंत में बात नेट रन रेट पर जा फंसेगा, ऐसे में हैदराबाद को अपना नेट रन रेट भी सुधारने की जरूरत है। उसको सुधारने के लिए SRH को बचे हुए सभी मुकाबलों में बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी।

close whatsapp