चेन्नई सुपर किंग्स से बदला लेने की तैयारी कर रहे हैं सुरेश रैना!
मिस्टर IPL इस बार आईपीएल में खेलते हुए नहीं दिखेंगे।
अद्यतन - Feb 28, 2022 3:19 pm

पिछले कुछ समय से सुरेश रैना लगातार किसी न किसी कारण से सुर्खियों में बने हुए हैं। सबसे पहले इसी महीने में खत्म हुए आईपीएल ऑक्शन में जब रैना को कोई भी खरीदार नहीं मिला तब वो कुछ दिनों तक लगातार चर्चा में थे, फैंस को लग रहा था कि अगर कोई टीम नहीं तो चेन्नई तो जरूर रैना को अपनी टीम में शामिल करेगी लेकिन ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला जिसके बाद फैंस ने CSK फ्रेंचाइजी को काफी ट्रोल भी किया।
उसके बाद रैना के कुछ पुराने वीडियो भी वायरल हुए जिसमें वो इस फ्रेंचाइजी के लिए खेलने की बात कर रहे थे। इस बीच मिस्टर IPL का एक और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसको देखकर ऐसा लग रहा है कि CSK के पूर्व बल्लेबाज अपनी ही फ्रेंचाइजी से बदला लेने की तैयारी कर रहे हैं।
दरअसल रैना ने हाल ही में एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की है, जिसमें वो कुछ अलग अंदाज में वर्क आउट करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में रैना हाथ में मुगदर लिए कसरत करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
यहां देखिए रैना का वह वीडियो
रैना ने 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और इसके बाद सिर्फ वो आईपीएल में खेलते हुए नजर आते थे। पिछले सीजन, इस लीग में भी वो कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे जिस वजह से उन्हें सीजन के अंत में कुछ मैचों के लिए टीम से बाहर भी कर दिया गया था और उनकी जगह रॉबिन उथप्पा को मौका दिया गया था।
बता दें सुरेश रैना ने आईपीएल में 205 मैचों में 32 से ज्यादा की औसत से 5528 रन बनाए, जिसमें एक शतक और 39 अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि इसके बावजूद रैना को किसी आईपीएल टीम ने नहीं खरीदा। रैना को दोबारा नहीं खरीदने के पीछे चेन्नई सुपरकिंग्स की फ्रेंचाइजी ने वजह बताते हुए कहा था कि वो उनकी टीम में फिट नहीं बैठ रहे थे जिस वजह से वो ऑक्शन में उनके पीछे नहीं गए।