सूर्यकुमार यादव इस समय के सबसे बेहतरीन टी-20 बल्लेबाजों में से एक हैं- अफ्रीकी गेंदबाज पार्नेल का बड़ा बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

सूर्यकुमार यादव इस समय के सबसे बेहतरीन टी-20 बल्लेबाजों में से एक हैं- अफ्रीकी गेंदबाज पार्नेल का बड़ा बयान

वो मैदान के हर तरफ शॉट खेलते हैं जिसकी वजह से गेंदबाजों के लिए उनके खिलाफ गेंदबाजी करना काफी मुश्किल हो जाता है- वेन पार्नेल

wayne parnell about suryakumar yadav (pic source-twitter)
wayne parnell about suryakumar yadav (pic source-twitter)

भारत के धाकड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव इस समय बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी-20 मुकाबले में 33 गेंदों में 50 रन की शानदार नाबाद पारी खेलते हुए यह बता दिया है कि वो आखिर क्यों इस समय T20 के बेस्ट बल्लेबाज हैं। दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी ऑलराउंडर वेन पार्नेल ने भारतीय बल्लेबाज की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें इस समय के बेहतरीन टी-20 बल्लेबाजों में से एक कहा है।

गुवाहाटी में खेले जाने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले से पहले पार्नेल ने सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी और उनके शॉट सेलेक्शन की जमकर तारीफ की है। जिस तरह से वो बल्लेबाजी करते हैं तमाम लोग उन्हें मिस्टर 360. की उपाधि भी दे रहे हैं।

टी-20 सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले पार्नेल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि, ‘मैंने कुछ महीनों से उनको खेलते हुए देखा है और यह मेरा मानना है कि यादव इस समय के सर्वश्रेष्ठ टी-20 बल्लेबाजों में से एक हैं।’

उन्होंने आगे कहा कि, ‘वो मैदान के हर तरफ शॉट खेलते हैं जिसकी वजह से गेंदबाजों के लिए उनके खिलाफ गेंदबाजी करना काफी मुश्किल हो जाता है। मुझे लगता है कि उन्हें गेंद के बारे में पहले ही पता चल जाता है और इसी वजह से वो अपने शॉट का चयन करते हैं। पहले टी-20 मुकाबले में उन्होंने काफी शानदार बल्लेबाजी की और उनके शॉट्स काफी सराहनीय थे। वो दिन हमारा नहीं था लेकिन हम अगले टी-20 मुकाबले में जबरदस्त वापसी करना चाहेंगे।’

हमारे पास वर्ल्ड क्लास बल्लेबाज हैं और हमें जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए: वेन पार्नेल

वेन पार्नेल ने आगे कहा कि, ‘पहले टी-20 मुकाबले में हम लोगों ने जो योजना बनाई थी उसके हिसाब से हम नहीं खेल पाए। लेकिन ठीक है अब हम अलग मैदान पर खेलने जा रहे हैं और वो गलती नहीं करेंगे जो हमने पहले टी-20 में की। हमारे पास वर्ल्ड क्लास बल्लेबाज हैं, इसलिए हमें जल्दबाजी करने की कोई जरूरत नहीं है।’

बता दें, पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका टीम के शुरुआती 5 विकेट मात्र 9 रन पर गिर गए थे। दीपक चहर और अर्शदीप सिंह ने पावरप्ले में बेहतरीन गेंदबाजी की। पहले एडेन मार्करम और फिर वेन पार्नेल और केशव महाराज ने मिलकर अपनी टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। हालांकि 107 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम ने काफी आसानी से हासिल कर लिया।

close whatsapp