WI vs IND: दूसरे टी-20 मुकाबले में भी खामोश रहा सूर्यकुमार यादव का बल्ला, मात्र 1 रन बनाकर वापस लौटे पवेलियन
दूसरे टी-20 मुकाबले में एक बार फिर से सूर्यकुमार यादव अच्छी बल्लेबाजी करने में नाकाम रहे और 3 गेंदों में मात्र 1 रन बनाकर रनआउट हो गए।
अद्यतन - अगस्त 6, 2023 9:01 अपराह्न

इस समय भारत और वेस्टइंडीज के बीच गुयाना में पांच मुकाबलों की टी-20 सीरीज का दूसरा टी-20 मुकाबला खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
बता दें, पहले टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। टीम को अगर इस सीरीज में अपने ऊपर दबाव नहीं डालना है तो ने यह मैच जीतना भी बेहद जरूरी है। इस दूसरे टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम की प्लेइंग XI में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। कुलदीप यादव चोटिल होने की वजह से इस मैच में नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह युवा स्पिनर रवि बिश्नोई को टीम में जगह मिली है।
भारतीय टीम की शुरुआत इस दूसरे टी-20 मुकाबले में अच्छी तरह से नहीं हुई और उन्हें अपने शुरुआती दो विकेट मात्र 18 रन पर ही गंवाने पड़े। इस मुकाबले में एक बार फिर से सूर्यकुमार यादव अच्छी बल्लेबाजी करने में नाकाम रहे और 3 गेंदों में मात्र 1 रन बनाकर रनआउट हो गए। सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन अभी तक इस दौर में इतना अच्छा नहीं रहा है।
इस टी-20 मुकाबले से पहले भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली थी और उसमें भी यादव का बल्ला खामोश रहा था। सूर्यकुमार यादव ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में 25 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से मात्र 19 रन बनाए थे। दूसरे वनडे में उन्हें आराम दिया गया था जबकि तीसरे वनडे में उन्होंने टीम में वापसी की लेकिन 30 गेंदों में दो चौके और दो छक्कों की मदद से मात्र 35 रन ही बना पाए।
पहले टी-20 मुकाबले में भी सूर्यकुमार यादव का बल्ला रहा था खामोश
भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए पहले टी-20 मैच में सूर्यकुमार यादव ने 21 गेंदों में 2 चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन की पारी खेली थी। पिछले कुछ समय से सूर्यकुमार यादव अपने अच्छे फॉर्म में नजर नहीं आए। तमाम लोगों को दूसरे टी-20 मुकाबले में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस मैच में भी वो मात्र 1 रन बनाकर रनआउट हो गए।
सूर्यकुमार यादव को जल्द से जल्द अपने अच्छे फॉर्म में वापस आना होगा। अभी दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबलों और खेले जाने हैं और उसमें सूर्य का अच्छी बल्लेबाजी करना बेहद जरूरी है।