Suryakumar Yadav Ranji Trophy: सूर्यकुमार यादव फिर फ्लॉप, हरियाणा के गेंदबाज ने उखाड़ दिए स्टंप्स; देखें वीडियो
सूर्यकुमार यादव सिर्फ 9 रन ही बना सके और एक बार फिर लाल गेंद के क्रिकेट में संघर्ष करते नजर आए।
अद्यतन - Feb 8, 2025 3:30 pm

Suryakumar Yadav Ranji Trophy: भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव रणजी ट्रॉफी के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में मुंबई के लिए प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे मुंबई और हरियाणा के बीच मुकाबले के पहले दिन, सूर्यकुमार को मीडियम-पेसर सुमित कुमार ने बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया।
सूर्यकुमार यादव सिर्फ 9 रन ही बना सके और एक बार फिर लाल गेंद के क्रिकेट में संघर्ष करते नजर आए। पिछले दो-तीन महीनों में उनकी फॉर्म में काफी गिरावट देखी गई है।
उनका विकेट मुंबई के लिए एक बड़ा झटका साबित हुआ, जिससे टीम का स्कोर बुरी तरह लड़खड़ा गया। पहले 10 ओवरों में ही मुंबई ने अपने चार विकेट गंवा दिए, जिससे टीम मुश्किल में आ गई।
कैसे आउट हुए सूर्यकुमार?
सूर्यकुमार यादव नंबर 5 पर बल्लेबाजी करने उतरे थे। उन्होंने कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ चौथे विकेट के लिए सिर्फ 11 रन ही जोड़े थे। सुमित कुमार की गेंद पर सूर्यकुमार के स्टंप्स बिखर गए और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा।
देखें वीडियो: Suryakumar Yadav Wicket in Ranji Trophy
Suryakumar yadav wicket today pic.twitter.com/pIAEExdgYK
— Abhi (@79off201) February 8, 2025
फॉर्म को लेकर उठे सवाल
गौरतलब है कि इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई टी20 सीरीज में भी सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। उन्होंने पांच मैचों में सिर्फ 28 रन बनाए थे। उनके स्कोर 0, 12, 14, 0 और 2 रहे, जिससे उनकी फॉर्म पर सवाल उठने लगे हैं।
हरियाणा के खिलाफ चल रहा यह मुकाबला सूर्यकुमार यादव का चार महीने बाद पहला प्रथम श्रेणी मैच है। उन्होंने पिछली बार अक्टूबर में महाराष्ट्र के खिलाफ रणजी ट्रॉफी के ग्रुप स्टेज मैच में खेला था, जहां वह सिर्फ 7 रन ही बना सके थे।
इस रणजी सीजन में उन्होंने अब तक दो पारियों में कुल 16 रन बनाए हैं और उनका औसत मात्र 8 का रहा है। मुंबई की टीम अब इस मुकाबले में वापसी करने के लिए संघर्ष कर रही है।