WBBL के आगामी सत्र में श्रीलंका की वन वूमेन आर्मी चमारी अटापट्टू को सिडनी थंडर ने अपनी टीम में किया शामिल
चमारी अटापट्टू के जुड़ने से सिडनी थंडर की बल्लेबाजी लाइनअप और भी मजबूत हो गई है।
अद्यतन - Oct 11, 2023 11:52 am

महिला बिग बैश लीग के आगामी सीजन में श्रीलंका महिला टीम की कप्तान चमारी अटापट्टू सिडनी थंडर की ओर से खेलती हुई नजर आएंगी। इस बात की जानकारी खुद सिडनी थंडर फ्रेंचाइजी ने दी। बता दें, सिडनी थंडर फ्रेंचाइजी ने चमारी अटापट्टू को विदेशी ड्राफ्ट में अपनी टीम में शामिल किया।
हालांकि उनका नाम सिडनी थंडर के विदेशी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में सामने आया है। बता दें, चमारी अटापट्टू के पास महिला बिग बैश लीग का काफी अनुभव है। इससे पहले श्रीलंका महिला टीम की कप्तान महिला बिग बैश लीग में पर्थ स्कॉरचर्स और मेलबर्न रेनेगेड्स की ओर से भी खेल चुकी है। सबसे हैरान कर देने वाली बात यह थी कि मेलबर्न रेनेगेड्स ने उन्हें अपनी टीम में वापस शामिल नहीं किया है। उनकी जगह टीम ने रिटेंशन के रूप में हेली मैथ्यूज और हरमनप्रीत कौर को चुना है।
चमारी अटापट्टू के जुड़ने से सिडनी थंडर की बल्लेबाजी लाइनअप और भी मजबूत हो गई है। उनके पास लौरेन बैल, हीथर नाइट और मारिजेन केप्प भी हैं। टीम को आगामी सत्र का अपना पहला मुकाबला 22 अक्टूबर को सिडनी थंडर के खिलाफ नॉर्थ सिडनी ओवल में खेलना है।
चमारी अटापट्टू भी सिडनी थंडर से जुड़कर है काफी खुश
जैसे ही चमारी अटापट्टू को यह बात पता चली कि महिला बिग बैश लीग के आगामी संस्करण में वो सिडनी थंडर की ओर से खेलने जा रही है उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने इस बात का भी खुलासा किया कि कैसे उन्होंने पिछले कुछ समय में ऑस्ट्रेलिया में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।
Cricket.com.au के मुताबिक चमारी अटापट्टू ने कहा कि, ‘ऑस्ट्रेलिया ऐसी जगह है जहां मैंने टी-20 में अपने घर के अलावा काफी ज्यादा रन बनाए हैं। यही नहीं मैंने नॉर्थ सिडनी ओवल में शतक भी जड़ा है। मैं तमाम फैंस को शुक्रिया कहना चाहती हूं और इन गर्मियों में मैं महिला बिग बैश लीग में सिडनी थंडर के लिए खेलने के लिए काफी उत्साहित हूं।’
बता दें, चमारी अटापट्टू के लिए यह साल काफी अच्छा गया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में श्रीलंका की ओर से कई मुकाबलों में काफी अच्छी बल्लेबाजी की है और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका है। चमारी ने हाल ही में समाप्त हुई न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में भी काफी अच्छी बल्लेबाजी की थी और कई लोगों का दिल जीता था।