पांच भारतीय खिलाड़ी जिनको अब टी-20 में खेलते हुए नहीं देखा जाएगा - क्रिकट्रैकर हिंदी

पांच भारतीय खिलाड़ी जिनको अब टी-20 में खेलते हुए नहीं देखा जाएगा

रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम ने ग्रुप 12 स्टेज में काफी अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन सेमीफाइनल में वो अपने इस प्रदर्शन को जारी नहीं रख पाए और मैच हार गए।

Dinesh Karthik and Rohit Sharma (Image Source: BCCI)
Dinesh Karthik and Rohit Sharma (Image Source: BCCI)

ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के दूसरे सेमीफाइनल मैच के बाद तमाम भारतीय प्रशंसक अपने टीम के प्रदर्शन से खुश नहीं हैं। बता दें, दूसरे सेमीफाइनल मैच में भारत इंग्लैंड के हाथों 10 विकेट से हार गया था।

रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम ने ग्रुप 12 स्टेज में काफी अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन सेमीफाइनल में वो अपने इस प्रदर्शन को जारी नहीं रख पाए और मैच हार गए। टीम ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका को अपने घर में मात दी थी। सभी को उम्मीद थी कि भारत इंग्लैंड को जबरदस्त टक्कर देगा और उनसे मैच जीतकर फाइनल में अपनी जगह बनाएगा लेकिन ऐसा हो नहीं सका।

अब जब टी-20 वर्ल्ड कप 2022 सत्र को भारत अपने नाम नहीं कर पाई तो उम्मीद लगाई जा रही है कि टीम मैनेजमेंट अपने दल में काफी बदलाव कर सकती है। कई दिग्गज खिलाड़ियों को टीम से बाहर किया जा सकता है और कई युवा खिलाड़ियों को टीम में मौका मिलेगा।

5 भारतीय खिलाड़ी जो टी-20 प्रारूप में आगे खेलते हुए नजर नहीं आ सकते हैं

5- अक्षर पटेल

Axar Patel. (Photo by Pankaj Nangia/Getty Images)
Axar Patel. (Photo by Pankaj Nangia/Getty Images)

रवींद्र जडेजा के चोटिल होने के बाद अक्षर पटेल को टीम से लगातार मौके दिए गए। कुछ मुकाबलों में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन उनकी बल्लेबाजी इतनी अच्छी नहीं रही। टी-20 वर्ल्ड कप से पहले जडेजा के चोटिल होने के बाद टीम मैनेजमेंट ने अक्षर को उनकी जगह दल में शामिल किया।

इस शानदार टूर्नामेंट से पहले अक्षर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 मुकाबलों की टी-20 सीरीज में 6.30 की इकोनामी से 8 विकेट झटके। हालांकि मुख्य टूर्नामेंट में वो अच्छा प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रहे।

अक्षर ने इस मुख्य टूर्नामेंट में 5 मुकाबले खेले जिसमें उन्होंने 8.62 की इकोनामी से 3 विकेट अपने नाम किए। बल्लेबाजी में भी वो फॉर्म में नहीं दिखे और मात्र 9 रन ही बना पाए। अक्षर के इस प्रदर्शन को देखते हुए ऐसा कहा जा सकता है कि अब उन्हें सबसे छोटे प्रारूप में भारतीय टीम की ओर से खेलते हुए नहीं देखा जाएगा। न्यूजीलैंड दौरे के लिए भी उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया है।

4- मोहम्मद शमी

Mohammed Shami (Photo Source: Twitter)
Mohammed Shami (Photo Source: Twitter)

मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह ने वनडे और टेस्ट प्रारूप में भारतीय गेंदबाज़ी की कमान संभाली है। टी-20 वर्ल्ड कप 2021 से पहले वो टी-20 प्रारूप में भी टीम के मुख्य गेंदबाज थे लेकिन उस सत्र में खराब प्रदर्शन की वजह से उन्हें टीम से ज्यादा मौके नहीं दिए गए।

टी-20 वर्ल्ड कप 2020 के 15 सदस्यीय दल में उनका नाम बिल्कुल भी नहीं था लेकिन बुमराह के चोटिल होने की वजह से उन्हें टीम में वापस बुलाया गया। शमी ने इस मुख्य टूर्नामेंट में 6 मुकाबलों में 7.15 के इकोनामी से 6 विकेट झटके।

भले ही उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में अच्छा प्रदर्शन किया हो लेकिन टीम उन्हें इस प्रारूप में आगे नहीं खिलाना चाहेगी। हालांकि वनडे वर्ल्ड कप 2023 में वो टीम की पहली पसंद होंगे।

3- रविचंद्रन अश्विन

R Ashwin (Image Source: Getty Images)
R Ashwin (Image Source: Getty Images)

टेस्ट क्रिकेट में रविचंद्रन अश्विन का कोई जवाब नहीं है। उनकी बराबरी करना बहुत ही मुश्किल है। अश्विन ने अभी तक 86 टेस्ट में 442 विकेट चटकाए हैं और 26.88 के औसत से 2931 रन बनाए हैं। टी-20 प्रारूप की बात की जाए तो अश्विन ने 65 मुकाबलों में 6.90 के इकोनामी से 72 विकेट चटकाए हैं।

2017 के बाद अश्विन ने लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में वापसी की। इस अनुभवी गेंदबाज ने उस सत्र के टी-20 वर्ल्ड कप में तीन मुकाबलों में 6 विकेट अपने नाम किए।

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में अश्विन ने 6 मुकाबलों में 6 विकेट झटके। हालांकि अश्विन इस समय 36 वर्ष के हैं और उन्हें टी-20 प्रारूप में बस 2 साल के लिए और देखा जा सकता है।

2- दिनेश कार्तिक

Dinesh Karthik. (Photo Source: BCCI)
Dinesh Karthik. (Photo Source: BCCI)

दिनेश कार्तिक ने IPL 2022 के सत्र में बेहतरीन प्रदर्शन किया था और इसी वजह से उनकी वापसी भारतीय टीम में हुई। कार्तिक ने भारतीय टीम की ओर से भी काफी अच्छा प्रदर्शन किया। IPL 2022 की बात की जाए तो कार्तिक ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की ओर से 16 मुकाबलों में 183.33 के स्ट्राइक रेट से 330 रन बनाए।

टी-20 प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन करने की वजह से भारतीय टीम में भी उन्हें इसी प्रारूप में वापस बुलाया गया। टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भी उन्हें टीम में जगह मिली लेकिन वो इस मुख्य टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रहे। कार्तिक ने चार मुकाबलों में 63.63 के स्ट्राइक रेट से 14 रन बनाए।

कार्तिक इस समय 37 वर्ष के हैं और अगले टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में उन्हें शायद ही खेलते हुए देखा जाए।

1- रोहित शर्मा

Rohit Sharma (Image Source: Getty Images)
Rohit Sharma (Image Source: Getty Images)

टी-20 प्रारूप में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का कोई जवाब नहीं है। रोहित ने 148 मुकाबलों में 139.24 के स्ट्राइक रेट से 3853 रन बनाए हैं। हालांकि इस बार के मुख्य टूर्नामेंट में वह अच्छा प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रहे।

रोहित ने 6 मुकाबलों में 106.42 के स्ट्राइक रेट से महज 116 रन बनाए। उनकी इस बल्लेबाजी की वजह से भारत को कई मुकाबलों में अच्छी शुरुआत नहीं मिल पाई। रोहित शर्मा पिछले काफी समय से लगातार अच्छा प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रहे हैं।

रोहित शर्मा इस समय अपने बेहतरीन फॉर्म में नहीं है और टी-20 वर्ल्ड कप 2024 तक उनकी फिटनेस पर काफी सवाल उठाए जा सकते हैं। साथ ही शर्मा खुद यही सोच रहे होंगे कि 2023 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप और 2021-2023 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में वो ज्यादा अच्छा प्रदर्शन करें।

close whatsapp