टी-20 वर्ल्ड कप 2022: नूरुल हसन ने दिए 2 मौके, फिर भी जिम्बाब्वे नहीं लगा पाई जीत के चौके - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप 2022: नूरुल हसन ने दिए 2 मौके, फिर भी जिम्बाब्वे नहीं लगा पाई जीत के चौके

बांग्लादेश की ओर से तस्कीन अहमद ने 4 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट झटके। उनके अलावा मुस्तफिजुर रहमान और मोसाद्देक हुसैन ने 2-2 झटके।

nurul hasan (pic source-twitter)
Nurul Hasan (Pic Source – Twitter)

आज यानी 30 अक्टूबर को ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में खेले गए रोमांचक मुकाबले में बांग्लादेश ने जिंबाब्वे को 3 रन से मात दी। बता दें, यह मुकाबला जीतना दोनों ही टीमों के लिए बेहद जरूरी था।

मैच की बात की जाए तो बांग्लादेश ने ब्रिसबेन में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 150 रन बनाए। नजमुल हुसैन शान्तो ने 55 गेंदों में 7 चौके और 1 छक्के की मदद से 71 रन की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा अफीफ हुसैन ने 29 रन बनाए जबकि कप्तान शाकिब अल हसन ने 23 रन की बहुमुल्य पारी खेली।

जिंबाब्वे की ओर से ब्लेसिंग मुजरबानी और रिचर्ड नगारवा ने 2-2 विकेट झटके जबकि सिकंदर रजा और सीन विलियम्स ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

रोमांचक मुकाबले में बांग्लादेश ने 3 रन से जीत दर्ज की

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिंबाब्वे टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 147 रन ही बना पाई। टीम की ओर से सीन विलियम्स ने 42 गेंदों में 64 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 8 चौके जड़े। उनके अलावा रयान बर्ल ने 27* रन की बहुमूल्य पारी खेली।

बांग्लादेश की ओर से तस्कीन अहमद ने 4 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट झटके। उनके अलावा मुस्तफिजुर रहमान और मोसाद्देक हुसैन ने 2-2 झटके। बता दें, जिंबाब्वे को आखिरी गेंद पर 5 रन की दरकार थी। बांग्लादेश की ओर से यह ओवर मोसाद्देक फेंक रहे थे।

आखिरी गेंद पर खूब चला ड्रामा

मोसाद्देक ने आखिरी गेंद फेंकी जिसपर मुजरबानी बल्ला नहीं लगा पाए और गेंद विकेटकीपर नुरुल हसन के पास गई। यहां नूरुल से एक गलती हो गई। स्टंपिंग करने के चक्कर में उन्होंने गेंद को विकेट से आगे आकर पकड़ कर मुजरबानी को आउट करने की कोशिश की। जब यह स्टंपिंग का फैसला थर्ड अंपायर के पास गया तब उन्होंने देखा कि नूरुल से यह बहुत बड़ी गलती हो गई है और इसी वजह से इस गेंद को नो बॉल करार दिया गया।

अब जिंबाब्वे को जीत के लिए आखिरी गेंद पर चार रन की दरकार थी। मोसाद्देक ने फिर से गेंद फेंकी जिसपर मुजरबानी फिर से बड़ा शॉट खेलने में नाकाम रहे और इस तरह से बांग्लादेश ने मैच को 3 रन से जीत लिया। तस्कीन अहमद को प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से नवाजा गया।

close whatsapp