टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में मुख्य टीम के साथ ही ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होंगे रिजर्व 4 भारतीय खिलाड़ी - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में मुख्य टीम के साथ ही ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होंगे रिजर्व 4 भारतीय खिलाड़ी

मेगा इवेंट के लिए भारतीय टीम ने रवि बिश्नोई, मोहम्मद शमी, दीपक चाहर और श्रेयस अय्यर को रिजर्व खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल किया है।

Ravi Bishnoi with his Teammates. (Photo Source: Twitter)
Ravi Bishnoi with his Teammates. (Photo Source: Twitter)

ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले आगामी टी-20 वर्ल्ड कप को शुरू होने में अब 1 महीने से भी कम का समय बचा है। जिसे देखते हुए अधिकतर देशों ने अपनी टीमों का ऐलान कर दिया है और इसमें भारतीय टीम का नाम भी शामिल है। जिसमें 15 सदस्यीय खिलाड़ियों की घोषणा के साथ 4 रिजर्व खिलाड़ियों के नाम का भी ऐलान किया गया है। इनमें रवि बिश्नोई, मोहम्मद शमी, श्रेयस अय्यर और दीपक चाहर का नाम भी शामिल है।

जिसमें इन खिलाड़ियों को उस स्थिति में मुख्य टीम में शामिल किया जाएगा जब 15 सदस्यीय टीम में से कोई खिलाड़ी चोटिल होकर पूरे टूर्नामेंट से बाहर होने की स्थिति में होगा। वहीं बता दें मुख्य टीम का हिस्सा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार के अलावा ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में कंडीशनिंग रिलेटेड रुटीन के तहत बुलावा भेजा गया है, जहां पर इन खिलाड़ियों के वर्कलोड को परखने के अलावा उनकी फिटनेस को भी परखा जाएगा।

बता दें कि टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए घोषित हुई भारतीय टीम घरेलू जमीन पर ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज खेलने के बाद अक्टूबर महीने के पहले सप्ताह में ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हो जाएगी। ताकि टीम को वहां के हालात में पूरी तरह से खुद को ढालने के लिए पर्याप्त समय मिल सके। वहीं मुख्य टीम के साथ रिजर्व खिलाड़ियों को भी रवाना किया जाएगा।

पाकिस्तान के खिलाफ एमसीजी मैदान पर खेलना है पहला मैच

भारतीय टीम को टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में अपना पहला मुकाबला 23 अक्टूबर को चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेलना है। लेकिन उससे पहले टीम इंडिया को 2 अभ्यास मैच खेलने का भी मौका मिलेगा जिसमें एक मेजबान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जबकि दूसरा टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलना है।

रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया पिछले साल हुए टी-20 वर्ल्ड कप के खराब प्रदर्शन को भुलाकर इस बार बेहतर करने की कोशिश करेगी। जिसको लेकर टीम की तैयारी काफी पुख्ता दिख रही है वहीं सभी प्रमुख खिलाड़ी भी अब पूरी तरह से फिट दिखाई दे रहे हैं।

यहां पर देखिए टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए भारतीय टीम:

रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह।

रिजर्व खिलाड़ी – मोहम्मद शमी, श्रेयस अय्यर, रवि बिश्नोई, दीपक चाहर।

close whatsapp