मेरे हिसाब से इस साल टी-20 वर्ल्ड कप इंग्लैंड, भारत या ऑस्ट्रेलिया में से कोई एक जीतेगा- माइकल बेवन - क्रिकट्रैकर हिंदी

मेरे हिसाब से इस साल टी-20 वर्ल्ड कप इंग्लैंड, भारत या ऑस्ट्रेलिया में से कोई एक जीतेगा- माइकल बेवन

ऑस्ट्रेलिया के पास सबसे बड़ा फायदा यही है कि इस बार वर्ल्ड कप उनके घर में खेला जा रहा है: माइकल बेवन

Michael Bevan
Michael Bevan. (Photo Source: Getty Images)

16 अक्टूबर से टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया में होने वाली है। सभी टीमें इस बड़े टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह से तैयार है। बता दें, ऑस्ट्रेलिया इस टूर्नामेंट की गत विजेता है और वो इस बार फिर से इस ख़िताब को अपने नाम करना चाहेगी।

इस आईसीसी टूर्नामेंट के लिए किसी भी टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता है क्योंकि सभी के पास उनके स्क्वॉड में एक से बढ़कर एक बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद है। इसी के साथ पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज माइकल बेवन ने अपनी तीन पसंदीदा टीम को चुना है जो उनके हिसाब से इस बार के टूर्नामेंट को जीतने की क्षमता रखती है।

माइकल बेवन के मुताबिक भारत, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में से कोई एक इस बार टी-20 वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम करेगी। टीमों की बात की जाए तो भारत इस समय काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के बाद से एक भी टी-20 सीरीज नहीं हारी है। हाल ही में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका को 2-1 से मात दी। वहीं इंग्लैंड ने हाल ही में पाकिस्तान को उन्हीं के घर में 7 मैच की टी-20 सीरीज में 4-3 से मात दी।

ऑस्ट्रेलिया भले ही भारत के खिलाफ 2-1 से सीरीज हारी है लेकिन उनके पास कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपने दम पर मुकाबले को जिताने की क्षमता रखते हैं। इस बार टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन ऑस्ट्रेलिया में ही किया जा रहा है तो इस बात का फायदा ऑस्ट्रेलियाई टीम उठा सकती है।

भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीमें काफी मजबूत है: माइकल बेवन

माइकल बेवन का मानना है कि अगर इस समय के फॉर्म को देखा जाए तो भारत और इंग्लैंड की टीमें काफी मजबूत है, वहीं ऑस्ट्रेलिया जैसी धाकड़ टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता।

न्यूज़ एजेंसी AP के मुताबिक बेवन ने सिडनी में कहा कि, ‘मेरे हिसाब से ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और भारत में से कोई एक टीम इस बार के टी-20 वर्ल्ड कप को अपने नाम करेगी। मैं इंग्लैंड और भारत को चुनूंगा लेकिन ऑस्ट्रेलिया को हल्के में नहीं लिया जा सकता। उनके पास काफी शानदार खिलाड़ी है और मुझे लगता है कि वो लगातार वर्ल्ड कप अपने नाम कर सकती हैं।’

बेवन ने आगे कहा कि, ‘ऑस्ट्रेलिया के पास सबसे बड़ा फायदा यही है कि इस बार वर्ल्ड कप उनके घर में खेला जा रहा है और उन्हें यहां की परिस्थितियों के बारे में काफी अच्छी तरह से पता है।’

close whatsapp