वार्म अप मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से दी मात, शमी ने आखिरी ओवर में किया कमाल - क्रिकट्रैकर हिंदी

वार्म अप मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से दी मात, शमी ने आखिरी ओवर में किया कमाल

मोहम्मद शमी ने इस मैच में मात्र 1 ओवर फेंका जिसमें उन्होंने 4 रन देकर तीन विकेट झटके।

india team (pic source-twitter)
india team (pic source-twitter)

आज यानी 17 अक्टूबर को भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पहला ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 का आधिकारिक वॉर्म अप मैच खेला। टीम इंडिया ने इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 6 रन से मात दी। आखिरी ओवर में मोहम्मद शमी की बेहतरीन गेंदबाजी के चलते भारत इस मैच को जीतने में कामयाब रहा।

केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव ने खेली शानदार

इस अभ्यास मैच की बात की जाए तो ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम की ओर से केएल राहुल ने आक्रमक शुरुआत की और 33 गेंदों में छह चौके और तीन छक्कों की मदद से 57 रन बनाए। उनके अलावा सूर्यकुमार यादव ने 33 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाए। कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर से इस मैच में बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे। उन्होंने 14 गेंदों में 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 15 रन बनाए।

विराट कोहली को भी अच्छी शुरुआत मिली लेकिन इस शुरुआत को वो बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पाए। वो महज 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। राहुल और सूर्यकुमार यादव की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 186 रन बनाने में कामयाब रही। ऑस्ट्रेलिया की ओर से केन रिचर्डसन ने 4 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट झटके। उनके अलावा मिचेल स्टार्क, ग्लेन मैक्सवेल और एश्टन एगर ने 1-1 विकेट अपने किया।

बेकार गई फिंच की कप्तानी पारी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया टीम की ओर से मिचेल मार्श और कप्तान एरोन फिंच ने कमाल की शुरुआत की। मार्श ने इस मैच में 18 गेंदों में चार चौके और दो छक्कों की मदद से 35 रन बनाए, वहीं कप्तान फिंच ने 54 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 76 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। इन दोनों के अलावा ग्लेन मैक्सवेल ने 16 गेंदों में चार चौकों की मदद से 23 रन बनाए।

बता दें, एक समय ऑस्ट्रेलिया टीम को आखिरी दो ओवरों में 16 रन की दरकार थी और उनके 6 विकेट बचे हुए थे। लेकिन आखिरी के दो ओवर में हर्षल पटेल और मोहम्मद शमी की घातक गेंदबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलियाई टीम 6 रन से यह मुकाबला हार गई। पूरी टीम 20 ओवर में 180 रन पर ऑलआउट हो गई।

मोहम्मद शमी ने इस मैच में मात्र 1 ओवर फेंका जिसमें उन्होंने 4 रन देकर तीन विकेट झटके। उनके अलावा भुवनेश्वर कुमार ने 3 ओवर में 20 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए। वहीं हर्षल पटेल और युजवेंद्र चहल ने 1-1 विकेटअपने नाम किया।

close whatsapp